टी20 वर्ल्ड कप में चयन के बाद ईशान किशन को मिली कप्तानी, 20 सदस्यीय टीम घोषित

Sandesh Wahak Digital Desk: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में चयन के बाद ईशान किशन को बड़ी जिम्मेदारी मिली है।

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में वह झारखंड टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 24 दिसंबर से हो रही है, जिसके लिए झारखंड क्रिकेट संघ ने 20 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है।

टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड में वापसी करने वाले ईशान किशन को यह जिम्मेदारी उनके शानदार घरेलू प्रदर्शन के बाद सौंपी गई है।

उन्होंने हाल ही में समाप्त सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में बेहतरीन बल्लेबाजी की थी और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।

Ishan Kishan

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार फॉर्म

ईशान किशन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 10 मैचों में 517 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 2 अर्धशतक भी लगाए।

उनके इस प्रदर्शन को ही टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड में चयन और अब घरेलू वनडे टीम की कप्तानी का आधार माना जा रहा है।

झारखंड टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को उपकप्तान नियुक्त किया गया है। टीम में अनुकूल रॉय, विराट सिंह और कुमार कुशाग्र जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो हालिया घरेलू सीजन में अच्छी लय में नजर आए हैं।

अनुकूल रॉय पर रहेंगी नजरें

ऑलराउंडर अनुकूल रॉय भी टीम का अहम हिस्सा होंगे। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 18 विकेट झटके थे और विजय हजारे ट्रॉफी में भी उनसे गेंद और बल्ले दोनों से प्रभावी प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

झारखंड का स्क्वाड (विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26)

ईशान किशन (कप्तान), कुमार कुशाग्र (उपकप्तान), उत्कर्ष सिंह, विराट सिंह, रॉबिन मिंज, अनुकूल रॉय, शरनदीप सिंह, शिखर मोहन, पंकज कुमार, बाला कृष्णा, मोहम्मद कुनैन कुरैशी, शुभ शर्मा, अमित कुमार, मनीषी, अभिनव शरण, सुशांत मिश्रा, विकास सिंह, सौरभ शेखर, राजनदीप सिंह, शुभम सिंह।

टूर्नामेंट का कार्यक्रम

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का आगाज 24 दिसंबर से होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 18 जनवरी को खेला जाएगा। इस घरेलू वनडे टूर्नामेंट में देशभर की 38 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके बीच कुल 135 मैच खेले जाएंगे।

घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म और नेतृत्व क्षमता के साथ ईशान किशन पर इस टूर्नामेंट में खास नजरें टिकी रहेंगी।

Also Read: Vijay Hazare Trophy 2025-26: 15 साल बाद कोहली, 7 साल बाद रोहित की वापसी, क्या कहते हैं आंकड़े?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.