भारत में ISIS की बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, तीन राज्यों से 5 संदिग्ध गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। पिछले दो दिनों में दिल्ली, मुंबई और झारखंड में हुई छापेमारी के दौरान इस्लामिक स्टेट (ISIS) के पाँच संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है।
छापेमारी और बरामदगी
पुलिस को मिली खुफिया जानकारी के बाद यह ऑपरेशन चलाया गया। छापेमारी के दौरान दिल्ली से गिरफ्तार किए गए आतंकियों की पहचान आफताब और सूफियान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुंबई के रहने वाले हैं। उनके पास से हथियार और IED बनाने का सामान बरामद हुआ है। रांची से गिरफ्तार किए गए आतंकी की पहचान दानिश के रूप में हुई है। उसके ठिकाने से केमिकल IED बनाने का सामान, एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी मिला है। बताया जा रहा है कि ये आतंकी दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में बड़े आतंकी हमलों को अंजाम देने की फिराक में थे।
ISIS स्लीपर सेल का पर्दाफाश
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए पाँचों आतंकी ISIS के स्लीपर सेल का हिस्सा हैं। उनका मुख्य काम नए सदस्यों की भर्ती करना और आतंकी घटनाओं के लिए रेकी करना था। स्पेशल सेल अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों का पता लगाने और उनके ठिकानों की जानकारी जुटाने में लगी है। कुछ और संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।
Also Read: Siddharth Nagar News: नेपाल की जेल से फरार हुए 8 कैदी भारतीय सीमा पर गिरफ्तार

