इस्लामाबाद की मस्जिद में जुमे की नमाज़ के दौरान आत्मघाती धमाका, 50 से ज्यादा मौतों की खबर, अस्पतालों में इमरजेंसी
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान की राजधानी में शुक्रवार को एक भीषण आतंकी हमले ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। शहर की जानी-मानी कसर-ए-खदीजतुल कुबरा मस्जिद में उस वक्त धमाका हुआ जब सैकड़ों लोग दोपहर की नमाज़ के लिए इकट्ठा थे। शुरुआती खबरों के मुताबिक, इस हमले में 50 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है, जबकि 70 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब 1:00 बजे की है। एक संदिग्ध व्यक्ति ने मस्जिद के भीतर घुसने की कोशिश की। गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने जब उसे तलाशी के लिए रोका, तो उसने बिना वक्त गंवाए खुद को धमाके से उड़ा लिया। धमाका इतना जोरदार था कि मस्जिद की इमारत को भारी नुकसान पहुँचा और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई।
अस्पतालों में घायलों की कतार
धमाके के तुरंत बाद सेना और पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। घायलों को आनन-फानन में PIMS (पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) और सीडीए अस्पताल पहुँचाया गया। हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने अभी तक आधिकारिक तौर पर केवल 12 मौतों की पुष्टि की है, लेकिन स्थानीय सूत्रों का कहना है कि मरने वालों का आंकड़ा बहुत बड़ा हो सकता है।
TTP और अफगानिस्तान कनेक्शन की आशंका
इस्लामाबाद पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हमलावर का संबंध अफगानिस्तान से होने के सुराग मिले हैं। शक की सुई प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) की ओर घूम रही है, जो पिछले कुछ समय से पाकिस्तान में लगातार खूनी वारदातों को अंजाम दे रहा है।
जिस मस्जिद को निशाना बनाया गया, वह शिया समुदाय की प्रमुख इबादतगाह मानी जाती है। पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों और उनकी मस्जिदों पर हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है। नवंबर 2025 में भी इस्लामाबाद कोर्ट के बाहर हुए एक हमले ने दहशत फैला दी थी, और आज की घटना ने उन जख्मों को फिर हरा कर दिया है।
Also Read: उत्तराखंड: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी बरातियों से भरी बस, 13 की मौत, 34 घायल

