इजरायल और हमास शांति समझौते के पहले चरण पर सहमत, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने किया ऐतिहासिक ऐलान
Sandesh Wahak Digital Desk: इजरायल और फिलिस्तीनी समूह हमास के बीच लंबे समय से जारी संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक सफलता मिली है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि इजरायल और हमास दोनों उनकी ओर से प्रस्तावित शांति योजना के पहले चरण पर सहमत हो गए हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा, मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत गर्व हो रहा है कि इजरायल और हमास दोनों ने हमारी शांति योजना के पहले चरण पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इसका मतलब है कि सभी बंधकों को जल्द ही रिहा कर दिया जाएगा और इजरायल अपने सैनिकों को एक निश्चित सीमा तक वापस बुला लेगा, जो एक मजबूत, स्थायी और शाश्वत शांति की ओर पहला कदम होगा।
बंधकों की रिहाई और नेतन्याहू की नैतिक विजय
इस समझौते के पहले चरण की शुरुआत हमास की ओर से सभी बंधकों की रिहाई और उसके बाद इजरायली सैनिकों की चरणबद्ध वापसी से होगी। राष्ट्रपति ट्रंप ने कतर, मिस्र और तुर्की को इस ऐतिहासिक और अभूतपूर्व घटना को संभव बनाने के लिए मध्यस्थता करने हेतु धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह अरब और मुस्लिम देशों, इजरायल और अमेरिका के लिए एक महान दिन है।
नेतन्याहू ने लगाई मुहर
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी राष्ट्रपति ट्रंप की घोषणा पर मुहर लगाते हुए इसे कूटनीतिक सफलता और इजरायल राज्य के लिए एक राष्ट्रीय और नैतिक विजय बताया। उन्होंने कहा कि इस समझौते से सभी बंधक स्वदेश वापस लाए जाएंगे। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को उनके अटूट समर्पण और नेतृत्व के लिए धन्यवाद दिया, जिसके कारण यह महत्वपूर्ण मोड़ संभव हो पाया।
दो साल पहले शुरू हुआ था संघर्ष
यह संघर्ष दो साल पहले 7 अक्टूबर को हमास द्वारा इजरायल पर किए गए बर्बर हमले से शुरू हुआ था, जिसमें हमास ने लगभग 1,250 इजरायली नागरिकों की हत्या कर दी थी और करीब 250 लोगों को बंधक बना लिया था। इजरायल ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हमास के टॉप लीडर्स को खत्म कर दिया, लेकिन इस कार्रवाई में गाजा पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गया। अब इस समझौते के साथ दोनों पक्षों के बीच शांति की नई उम्मीद जगी है।
Also Read: Farrukhabad News: टेक-ऑफ के दौरान निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त, सभी यात्री सुरक्षित

