ईरान के कमर्शियल एयरपोर्ट पर धमाकों की गूंज, डोनाल्ड ट्रंप बोले– ईरान के सरेंडर के बिना कोई समझौता नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: इजरायल और ईरान के बीच शुरू हुआ संघर्ष अब आठवें दिन में प्रवेश कर चुका है। शनिवार को हालात तब और बिगड़ गए जब इजरायल ने हमलों की नई लहर शुरू की और ईरान की राजधानी तेहरान के एक प्रमुख वाणिज्यिक (कमर्शियल) हवाई अड्डे पर भारी धमाकों की खबरें सामने आईं।
यह संघर्ष जो 28 फरवरी को तेहरान पर हुए एक हमले से शुरू हुआ था, अब केवल हवाई हमलों तक सीमित नहीं रहा। खाड़ी क्षेत्र के आसमान में अब ड्रोन और मिसाइलों की जंग छिड़ गई है। कुवैत की सेना ने जानकारी दी है कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने शनिवार सुबह से अब तक 12 ईरानी ड्रोन और 14 बैलिस्टिक या क्रूज मिसाइलों को मार गिराया है। इन मिसाइलों के मलबे से कुवैत में मामूली नुकसान की भी खबर है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस संकट पर बेहद कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ईरान के साथ तब तक कोई समझौता नहीं किया जाएगा, जब तक वह बिना शर्त आत्मसमर्पण (Surrender) नहीं कर देता। ट्रंप ने यह भी सुझाव दिया कि इस आत्मसमर्पण के बाद ईरान को एक ऐसा नया नेतृत्व चुनना चाहिए जो उनके प्रशासन को स्वीकार्य हो।
इजरायल में अलर्ट, शेल्टरों में रहने की हिदायत
इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने पहले उत्तरी इजरायल के निवासियों को शेल्टर से बाहर आने की अनुमति दी थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद तेल अवीव, मध्य इजरायल और वेस्ट बैंक में फिर से खतरे के सायरन बज उठे। इजरायली सेना ने ईरान की ओर से एक और बड़े मिसाइल प्रक्षेपण का पता लगाया है, जिसके बाद लोगों को फिर से सुरक्षित ठिकानों पर जाने को कहा गया है।
Also Read: मिशन 2027: आगरा पहुंचे सीएम योगी,BJP-RSS के साथ चुनावी मंथन और हॉस्पिटल का करेंगे लोकार्पण

