इजरायल ने दी ईरान के तबरीज शहर को उड़ाने की धमकी, नक्शा जारी कर कहा- इलाका खाली कर दें, वरना जान की गारंटी नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान और इजरायल के बीच जारी सीधे संघर्ष के 15वें दिन युद्ध की लपटें ईरान के अंदरूनी शहरों तक पहुँच गई हैं। इजरायल डिफेंस फोर्सेस (IDF) ने सोशल मीडिया के जरिए ईरानी नागरिकों को एक अत्यंत जरूरी चेतावनी जारी की है। इजरायल ने पश्चिमी तबरीज के औद्योगिक क्षेत्र का नक्शा शेयर करते हुए वहां रहने वालों को तुरंत हटने को कहा है।
इजरायली सेना ने अपने संदेश में कहा है कि वे पिछले कई दिनों से ईरानी शासन के सैन्य ठिकानों को तबाह कर रहे हैं और अब अगला निशाना तबरीज का औद्योगिक क्षेत्र है। इजरायल ने एक नक्शा जारी किया है जिसमें कुछ इलाकों को लाल रंग से मार्क किया गया है। आईडीएफ ने कहा, अपनी जान बचाने के लिए इन इमारतों और चिन्हित क्षेत्रों से तुरंत दूर चले जाएं। अगले कुछ घंटों में यहाँ भीषण हमला होने वाला है।
बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर मिसाइल हमला
तनाव सिर्फ ईरान तक सीमित नहीं है। शनिवार को इराक की राजधानी बगदाद में मौजूद अमेरिकी दूतावास को निशाना बनाया गया। दूतावास परिसर के अंदर स्थित हेलिपैड पर एक मिसाइल आकर गिरी। हालांकि, अभी तक इस हमले में हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इसने अमेरिका की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
युद्ध के बीच हमास ने एक तरफ तो ईरान के जवाबी हमले के अधिकार का समर्थन किया है, वहीं दूसरी तरफ शांति की अपील भी की है। हमास ने कहा, ईरान को अमेरिका और इजरायल के हमलों का मुंहतोड़ जवाब देने का पूरा हक है। साथ ही, हमास ने ईरान से गुजारिश की है कि वह अपने पड़ोसी देशों को निशाना न बनाए और इलाके में भाईचारा बनाए रखने की कोशिश करे।
Also Read: Iran-Israel-US War के बीच भारत में फंसे विदेशियों को मिली ये बड़ी राहत

