यूएनएससी में इजरायल ने पाकिस्तान को लगाई लताड़, बिन लादेन की याद दिलाकर घेरा

Sandesh Wahak Digital Desk: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की बैठक में पाकिस्तान ने दोहा में हुए इजरायली हमले को लेकर इजरायल को घेरने की कोशिश की, लेकिन दांव उल्टा पड़ गया। इजरायल के राजदूत ने पाकिस्तान को ओसामा बिन लादेन की याद दिलाकर करारा जवाब दिया। यह तीखी बहस गुरुवार को ‘मध्य पूर्व की स्थिति’ पर हो रही एक आपातकालीन बैठक में हुई।

संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि, राजदूत असीम इफ्तिखार अहमद ने इजरायल के हमले की कड़ी निंदा करते हुए उसे अवैध और कतर की संप्रभुता के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि यह हमला इजरायल की आक्रामकता का हिस्सा है। इस पर, संयुक्त राष्ट्र में इजरायल के स्थायी प्रतिनिधि डैनी डैनॉन ने सधा हुआ पलटवार किया। उन्होंने कहा, जब पाकिस्तान में बिन लादेन का सफाया हुआ था, तो यह सवाल नहीं पूछा गया था कि विदेशी धरती पर एक आतंकवादी को क्यों मारा गया। सवाल यह था कि एक आतंकवादी को पनाह क्यों दी गई? आज भी यही सवाल पूछा जाना चाहिए। बिन लादेन को कोई छूट नहीं है और हमास को भी कोई छूट नहीं मिल सकती।

आपकी जमीन पर मारा गया था बिन लादेन

इजरायल के इस जवाब से पाकिस्तान बौखला गया और राजदूत अहमद ने इस तुलना को हास्यास्पद बताते हुए खारिज कर दिया। इसके बाद, इजरायली राजदूत ने फिर से पाकिस्तान को निशाने पर लिया और उस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, आप इस बात को नहीं बदल सकते कि 9/11 हुआ था, और आप इस बात को भी नहीं बदल सकते कि ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान में था और आपकी जमीन पर मारा गया था। उन्होंने पाकिस्तान को सलाह देते हुए कहा कि जब आप हमारी आलोचना करें, तो उन मापदंडों के बारे में सोचें जो आप अपने देश पर लागू करते हैं और जो इजरायल पर लागू करते हैं।

Also Read: Bareilly News: जनसुनवाई में लापरवाही और FIR न लिखने पर चौकी प्रभारी निलंबित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.