प्रियंका गांधी के नरसंहार वाले बयान पर इजरायल के राजदूत का पलटवार, बोले- आपका कपट शर्मनाक है
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के ‘नरसंहार’ वाले बयान पर इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रियंका गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि उनका यह ‘कपट’ शर्मनाक है और हमास के आंकड़ों पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
प्रियंका गांधी ने नरसंहार का आरोप लगाया था
दरअसल, प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इजरायल के हमले में अल-जजीरा के 5 पत्रकारों की मौत को ‘जघन्य अपराध’ बताया था। उन्होंने लिखा था, “इजरायल नरसंहार कर रहा है। उसने 60 हजार से ज्यादा लोगों की हत्या की है, जिनमें 18,430 बच्चे थे। उसने लाखों लोगों को भूख से मरने की धमकी दी है।”
गाजा में कोई नरसंहार नहीं हुआ, हमास के आंकड़ों पर यकीन न करें
प्रियंका गांधी के इस बयान के बाद इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने पलटवार करते हुए कहा, शर्मनाक बात तो आपका कपट है। उन्होंने कहा कि इजरायल ने 25,000 हमास आतंकवादियों को मार गिराया है। अजार ने आगे कहा कि गाजा में यह भयानक नुकसान हमास की वजह से हुआ है, जो नागरिकों के पीछे छिपता है।
राजदूत ने यह भी बताया कि इजरायल ने गाजा में 20 लाख टन खाद्य सामग्री पहुंचाई है, लेकिन हमास उसे जब्त करने की कोशिश कर रहा है, जिससे भुखमरी पैदा हो रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, पिछले 50 सालों में गाजा की आबादी 450% बढ़ी है; वहां कोई नरसंहार नहीं हुआ। हमास के आंकड़ों पर यकीन मत कीजिए।
Also Read: चार नए सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट, लखनऊ मेट्रो विस्तार और हाइड्रोइलेक्ट्रिक योजना को कैबिनेट की हरी झंडी

