Israel’s Big Attack: इजरायल ने किया यमन एयरपोर्ट पर बड़ा हमला, WHO प्रमुख बाल-बाल बचे, संयुक्त राष्ट्र ने जताई नाराज़गी

Israel’s Big Attack: यमन के सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इजरायली सेना द्वारा किए गए हवाई हमलों से भारी तबाही हुई है। इन हमलों के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस अधनोम घेब्रेयेसस और संयुक्त राष्ट्र के कई अधिकारी हवाई अड्डे के वीआईपी लाउंज में मौजूद थे। हमले में WHO प्रमुख समेत अन्य अधिकारी सुरक्षित बच गए, लेकिन हमले से संयुक्त राष्ट्र में रोष फैल गया है।

संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के शीर्ष अधिकारी जूलियन हार्नेइस ने बताया कि गुरुवार शाम को हुए इन हमलों ने हवाई अड्डे के संचालन को पूरी तरह से बाधित कर दिया। उन्होंने कहा कि जब यह हमला हुआ, उस समय यमेनिया एयरवेज का एक असैन्य विमान सैकड़ों यात्रियों को लेकर लैंड कर रहा था। विमान के उतरने के दौरान एयरपोर्ट का नियंत्रण टावर पूरी तरह से नष्ट हो गया।

300 मीटर की दूरी पर गिरे बम

हार्नेइस के मुताबिक, पहला हमला वीआईपी लाउंज से लगभग 300 मीटर दक्षिण में हुआ, जबकि दूसरा हमला लाउंज से 300 मीटर उत्तर में हुआ। हमले में तीन लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हुए हैं। घायलों में संयुक्त राष्ट्र के वायु सेवा विमान के चालक दल का एक सदस्य भी शामिल है। यह विमान सना से संयुक्त राष्ट्र के लगभग 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को बाहर ले जाने वाला था।

संयुक्त राष्ट्र की कड़ी प्रतिक्रिया

संयुक्त राष्ट्र ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। अधिकारी हार्नेइस ने कहा कि यह घटना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों का गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि WHO महानिदेशक टेड्रोस एडनोम और अन्य अधिकारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, लेकिन इस घटना ने हवाई अड्डे पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों के लिए भारी खतरा पैदा कर दिया है।

Also Read: Shooting at Phoenix Airport: फीनिक्स हवाई अड्डे पर गोलीबारी से फैली दहशत, पारिवारिक विवाद बना वजह, संदिग्धों से पूछताछ जारी!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.