इजरायल की ‘गोल्डन हेरोइजन’ मिसाइल: क्या भारत बनेगा इस महाविनाशक हथियार का नया ठिकाना?

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित इजरायल यात्रा ने वैश्विक रक्षा गलियारों में हलचल मचा दी है। आठ साल बाद हो रही इस यात्रा में सबसे ज्यादा चर्चा इजरायल के ‘गोल्डन हेरोइजन’ (Golden Horizon) एयर-लॉन्च्ड बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम की हो रही है। खबर है कि इजरायल ने भारत को यह अत्याधुनिक तकनीक देने का ऑफर दिया है, जो दुश्मन के लिए किसी काल से कम नहीं है।

क्या है गोल्डन हेरोइजन?

यह एक ऐसी मिसाइल है जिसकी जानकारी अक्टूबर 2024 में तब दुनिया के सामने आई, जब अमेरिका के कुछ गोपनीय दस्तावेज लीक हुए। रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, यह मिसाइल हवा से लॉन्च की जाती है और इसकी मारक क्षमता 1,500 से 2,000 किलोमीटर के बीच हो सकती है।

इसकी सबसे बड़ी ताकत इसकी रफ़्तार है। टर्मिनल फेज (अंतिम चरण) में इसकी स्पीड 5 मैक (ध्वनि की गति से 5 गुना तेज) से अधिक हो जाती है, जो इसे हाइपरसोनिक की श्रेणी में खड़ा करती है। तुलना के लिए, भारत की ब्रह्मोस मिसाइल की गति करीब 2.8 मैक है।

क्यों खास है यह मिसाइल सिस्टम?

बंकरों का काल: इसे विशेष रूप से जमीन के गहराई में बने बंकरों और भारी सुरक्षा वाले ठिकानों को तबाह करने के लिए बनाया गया है।

बिना सीमा पार किए हमला: इसकी रेंज इतनी अधिक है कि भारतीय वायुसेना के विमान अपनी सीमा के अंदर रहकर ही दुश्मन के सुदूर ठिकानों को सटीकता से निशाना बना सकते हैं।

सुखोई के साथ जुगलबंदी: रिपोर्ट्स की मानें तो यह मिसाइल भारतीय वायुसेना के सुखोई-30 MKI लड़ाकू विमानों के साथ आसानी से फिट की जा सकती है।

भारत के लिए क्यों जरूरी?

भारत अपनी हवाई सुरक्षा और आक्रामक मारक क्षमता को लगातार बढ़ा रहा है। पाकिस्तान के साथ पिछले संघर्षों में भारतीय वायुसेना ने अपनी श्रेष्ठता साबित की थी, लेकिन चीन और पाकिस्तान की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए ‘गोल्डन हेरोइजन’ जैसा सिस्टम भारत को एक नई ‘लीड’ दिला सकता है। यह मिसाइल न केवल लंबी दूरी तक मार करती है, बल्कि इसकी गति इतनी तेज है कि दुश्मन का एयर डिफेंस सिस्टम इसे ट्रैक या नष्ट करने में नाकाम रह सकता है।

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

हालांकि इस ऑफर को लेकर अभी तक भारत या इजरायल की सरकारों ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन पीएम मोदी की यात्रा में रक्षा, एआई (AI) और एनर्जी के क्षेत्र में होने वाले बड़े समझौतों के बीच इस मिसाइल पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Also Read: सपा कार्यालय में मनाई गई संत गाडगे जयंती: अखिलेश बोले- घोटाले और भ्रष्टाचार का पर्याय बनी सरकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.