IT Raid: भोले बाबा डेयरी ग्रुप के ठिकानों पर कुबेर का खजाना, 20 करोड़ के गहने और बेहिसाब नकदी बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: ‘धौलपुर फ्रेश’ ब्रांड के नाम से घी और डेयरी उत्पाद बनाने वाले भोले बाबा डेयरी ग्रुप सहित देश के पांच बड़े खाद्य कारोबारियों पर आयकर विभाग (Income Tax) की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी रही। कानपुर और आगरा जोन की संयुक्त टीमों द्वारा की गई इस कार्रवाई में अब तक करोड़ों की अघोषित संपत्ति और बेनामी निवेश के दस्तावेज हाथ लगे हैं।
गहने इतने कि मूल्यांकन में छूटे पसीने
आयकर विभाग की 150 से अधिक कर्मचारियों की टीम ने देशभर के 35 ठिकानों पर एक साथ धावा बोला। अकेले धौलपुर ग्रुप के एक ठिकाने से अब तक ₹20 करोड़ से अधिक मूल्य के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं।
छापेमारी के दौरान इतनी भारी मात्रा में नकदी मिली है कि अधिकारियों को मशीनें मंगवानी पड़ीं। अघोषित नकदी का आंकड़ा कई करोड़ों में होने का अनुमान है। जांच टीमें ई-वे बिल, टोल प्लाजा डेटा और सीसीटीवी फुटेज के जरिए बहीखातों का मिलान कर रही हैं ताकि टैक्स चोरी की सटीक जानकारी मिल सके।
मिलावटी घी का काला कारोबार और विदेशी निवेश
आयकर विभाग की इस सर्च में केवल टैक्स चोरी ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य से खिलवाड़ के भी सबूत मिले हैं। दाऊजी मिल्क प्रोडक्ट्स और पोद्दार मिल्क प्रोडक्ट्स के दस्तावेजों से पता चला है कि 8 जिलों में मिलावटी घी की सप्लाई की जा रही थी। आयकर विभाग ने मौखिक रूप से खाद्य विभाग को इसकी सूचना दे दी है। आगरा के कारोबारी कृष्ण मुरारी अग्रवाल, तरुण अग्रवाल और अन्य के ठिकानों से विदेशी निवेश और बेनामी संपत्तियों के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं।
इन शहरों में चल रही है ‘सर्जिकल स्ट्राइक’
आयकर विभाग के प्रधान निदेशक (अन्वेषण) पीयूष कोठारी के निर्देश पर चल रही यह कार्रवाई मुख्य रूप से आगरा, कानपुर, मथुरा, भरतपुर, अलीगढ़, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), दिल्ली, धौलपुर, बीकानेर, जोधपुर और फिरोजाबाद इन शहरों में केंद्रित है।
Also Read: यूपी में कोहरे का ‘रेड अलर्ट’: ज़ीरो विज़िबिलिटी और गलन से थमी प्रदेश की रफ्तार, 4°C तक गिरा पारा

