बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर IT की 24 घंटे से ज्यादा समय से छापेमारी जारी, बीजेपी मंत्री ने कार्रवाई पर उठाए सवाल
Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी के इकलौते और दिग्गज विधायक उमाशंकर सिंह के लिए मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। बुधवार सुबह से शुरू हुई आयकर विभाग की छापेमारी गुरुवार को भी बदस्तूर जारी है। विधायक के लखनऊ, बलिया, सोनभद्र और वाराणसी समेत करीब 30 ठिकानों पर आयकर अधिकारी दस्तावेजों को खंगाल रहे हैं।
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विधायक के आवास से बुधवार रात टीम बाहर निकली, लेकिन विपुल खंड स्थित उनके दफ्तर में अभी भी जांच जारी है। वहीं बलिया में उनके ‘SKY होटल’, प्लांट और पैतृक आवास पर टीमें मौजूद हैं। आयकर विभाग ने विधायक के अलावा उनके भाई और बिजनेस पार्टनर्स के ठिकानों पर भी दबिश दी है। जांच के दायरे में क्रसर एसोसिएशन के अध्यक्ष और कई अन्य करीबी कारोबारी भी शामिल हैं।
बीजेपी नेता और मंत्री ने जताया विरोध
दिलचस्प बात यह है कि इस छापेमारी पर राजनीति भी शुरू हो गई है। प्रदेश सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता दिनेश सिंह, जो विधायक के रिश्तेदार भी हैं, ने सोशल मीडिया के जरिए इस कार्रवाई का विरोध किया है। मंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पूरा विभाग और अधिकारी जानते हैं कि उमाशंकर सिंह पिछले दो वर्षों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने बीमारी के बीच की गई इस छापेमारी पर सवाल उठाए हैं।
उमाशंकर सिंह करीब 11 महीने पहले भी तब चर्चा में आए थे जब विजिलेंस ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की जांच शुरू की थी। उस दौरान विधायक, उनकी पत्नी और बच्चों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों, फ्लैटों और जमीनों का ब्योरा जुटाया गया था। वाराणसी और प्रयागराज के रजिस्ट्री दफ्तरों से भी रिकॉर्ड मंगवाए गए थे।
सियासी रसूख और उपलब्धियां
उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा सीट से लगातार तीन बार (2012, 2017 और 2022) विधायक चुने गए हैं। बसपा में उनका कद काफी बड़ा माना जाता है। आयकर विभाग ने फिलहाल इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक कई अहम इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

