IT Raid: लखनऊ और गोंडा में दो टैक्स प्रैक्टिशनर गिरफ्तार, 9,000 से ज्यादा लोगों के दस्तावेज बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: आयकर विभाग की जांच इकाई ने टैक्स चोरी के एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। विभाग ने शुक्रवार को लखनऊ और गोंडा में दो टैक्स प्रैक्टिशनरों के ठिकानों पर छापेमारी की। इन पर सुरक्षा बलों और सरकारी कर्मचारियों के आयकर रिटर्न में धोखाधड़ी करने का आरोप है, जिससे सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा था।
लखनऊ में क्या मिला?
आयकर विभाग ने लखनऊ के मल्हौर स्थित शारदा ग्रीन सिटी में रहने वाले टैक्स प्रैक्टिशनर प्रदीप गुप्ता के घर पर छापा मारा। जांच में अधिकारियों को 4,000 से अधिक ऐसे दस्तावेज मिले हैं जो सशस्त्र सीमा बल, सीआरपीएफ, दिल्ली पुलिस और वायुसेना के जवानों के टैक्स रिफंड से जुड़े हैं। आरोप है कि प्रदीप गुप्ता टैक्स रिटर्न दाखिल करते समय हेराफेरी करके बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी करा रहा था। जांच में यह भी पता चला है कि वह कई वकीलों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए काम करता था। विभाग अब यह पता लगा रहा है कि वह कब से यह फर्जीवाड़ा कर रहा था और अब तक कितने करोड़ की टैक्स चोरी हुई है।
गोंडा में भी कार्रवाई
दूसरी तरफ, आयकर विभाग की टीम ने गोंडा की आवास विकास कॉलोनी में रहने वाले टैक्स प्रैक्टिशनर अरविंद कुमार पांडेय के घर और दफ्तर पर भी छापा मारा। अरविंद पांडेय पर शिक्षकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों के टैक्स रिटर्न में फर्जीवाड़ा कर रिफंड और छूट दिलाने का आरोप है। उसके ठिकानों से 5,000 से अधिक लोगों के आयकर रिटर्न से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। अरविंद भी कुछ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए काम करता था।
यह छापेमारी आयकर विभाग द्वारा 14 जुलाई को देश भर में की गई 150 जगहों की छापेमारी का ही हिस्सा है। उस दौरान नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, वाराणसी, अमरोहा, मुरादाबाद, गोंडा और सुल्तानपुर में भी कई वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट और बिचौलियों के ठिकानों पर छापे मारे गए थे। विभाग का कहना है कि इस मामले में जल्द ही और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Also Read: Bulandshahr News: स्याना हिंसा पर 7 साल बाद आया फैसला, 5 को उम्रकैद और 33 को 7 साल की…

