यूपी में केरल-तमिलनाडु फॉर्मूले पर चुनाव लड़ेगी IUML, नफरत नहीं, संविधान और सामाजिक न्याय की राजनीति पर जोर
Lucknow News: इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को लेकर पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गई है। लखनऊ के ठाकुरगंज स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुई प्रांतीय पदाधिकारियों की एक अहम बैठक में पार्टी ने अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप दिया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद मतीन ख़ान ने की, जबकि संचालन प्रदेश महासचिव एडवोकेट मोहम्मद उवैस ने किया।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया कि पार्टी उत्तर प्रदेश में ध्रुवीकरण और नफरत की राजनीति को सिरे से खारिज करते हुए भाईचारे, आपसी सौहार्द, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को आगे बढ़ाएगी।

यूपी में दिखेगा यूनाइटेड फ्रंट मॉडल
मुस्लिम लीग ने उत्तर प्रदेश के राजनीतिक मैदान में गठबंधन के सहारे उतरने के संकेत दिए हैं। बैठक में तय हुआ कि जिस तरह केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) और तमिलनाडु में गठबंधन की राजनीति सफल रही है, उसी तरह यूपी में भी इसे लागू किया जाएगा। पार्टी समान विचारधारा वाले धर्मनिरपेक्ष दलों और इंडिया गठबंधन के सहयोगियों के साथ सीटों के तालमेल के लिए संवाद शुरू करेगी।
डॉ. मोहम्मद मतीन ख़ान ने कहा, हमारा लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में संविधान और सौहार्द की नींव को मजबूत करना है। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक मुस्तैद किया जा रहा है। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी ने अपनी जमीन तैयार करना शुरू कर दिया है। बैठक में विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 5 से 6 सीटों सहित कानपुर, उन्नाव, बहराइच और श्रावस्ती जैसे क्षेत्रों में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने पर गंभीर मंथन किया गया।
बैठक में प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद इलियास (बिजनौर), एडवोकेट नसीम अहमद (झांसी), डॉ. हमीद, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद अहमद (उन्नाव), प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी इश्तियाक (कानपुर), डॉ. नजमुल हसन (अयोध्या), हाजी राहत अफरोज प्रदेश उपाध्यक्ष (फिरोजाबाद) मोहम्मद ज़ुबैर मेरठ नफीस अहमद, मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद अफ़ाक़ उन्नाव, मोहम्मद साद, असदुल्लाह खां, मंसूर अज़ीम लखनऊ सहित अनेक प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी नेताओं ने एक स्वर में संगठन को प्रदेशभर में मज़बूत करने तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रभावी भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
Also Read: कन्नौज के स्कूल में शिक्षक-शिक्षिका का विवादित वीडियो वायरल, बीएसए ने मांगी रिपोर्ट

