जबलपुर को मिली करोड़ों की सौगात, नितिन गडकरी ने किया 9 हाईवे प्रोजेक्ट का शिलान्यास और लोकार्पण
Sandesh Wahak Digital Desk: जबलपुर में सड़क कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने महानद्दा, जबलपुर में 4,250 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 9 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लंबाई 174 किलोमीटर है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और कई अन्य बड़े नेता, सांसद, विधायक और अधिकारी भी मौजूद थे।
इन परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण
जिन परियोजनाओं का उद्घाटन हुआ उनमें शामिल हैं- जबलपुर शहर में 7 किमी लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर, जो दमोह नाका से मेडिकल रोड तक बना है। हिरन-सिंदूर खंड में नौरादेही वन्यजीव अभ्यारण्य के हिस्से का 4-लेन चौड़ीकरण। कटनी बाईपास का चौड़ीकरण। इनके अलावा, 6 और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की नींव भी रखी गई है।
परियोजनाओं से क्या फायदा होगा
यातायात में सुधार: जबलपुर फ्लाईओवर से शहर में ट्रैफिक जाम खत्म होगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
अर्थव्यवस्था को बढ़ावा: बेहतर सड़कों से निवेश बढ़ेगा, जिससे नए रोजगार पैदा होंगे और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
वन्यजीव संरक्षण: नौरादेही वन्यजीव अभ्यारण्य में सड़कों का काम इस तरह से किया गया है कि वन्यजीवों को कम से कम परेशानी हो।
पर्यटन को बढ़ावा: कान्हा और बांधवगढ़ जैसे राष्ट्रीय उद्यानों तक पहुँचना अब और आसान हो जाएगा, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
समय की बचत: रीवा-जबलपुर और भोपाल-जबलपुर के बीच यात्रा करने में अब 20 मिनट का समय कम लगेगा।

15,000 करोड़ की नई परियोजनाओं की घोषणा
कार्यक्रम में नितिन गडकरी ने मध्य प्रदेश के लिए 15,000 करोड़ रुपये की लागत वाली नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी घोषणा की। इसमें 5,500 करोड़ रुपये का एक ‘टाइगर कॉरिडोर’ भी शामिल है, जो कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना और पेंच टाइगर रिजर्व को आपस में जोड़ेगा।
इसके अलावा, उन्होंने कई अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स का भी ऐलान किया, जिनमें भोपाल-जबलपुर के लिए 15,000 करोड़ रुपये की लागत वाला नया ग्रीनफील्ड हाईवे। लखनादौन से रायपुर तक 10,000 करोड़ रुपये का 4-लेन हाई-स्पीड कॉरिडोर। इंदौर और भोपाल के लिए 12,000 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क परियोजनाएँ शामिल हैं।
Also Read: Chitrakoot News: घर की चाभी न देने पर असलहाधारी बदमाशों ने किसान को छत से फेंका, पुलिस जांच में जुटी

