जैकलीन फर्नांडीस पहुंचीं सुप्रीम कोर्ट, ठग सुकेश चंद्रशेखर मामले में हाई कोर्ट के फैसले को दी चुनौती
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीस ने 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। अब इस मामले की सुनवाई 22 सितंबर को जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस एजी मसीह की बेंच करेगी।
इससे पहले 3 जुलाई को दिल्ली हाई कोर्ट ने जैकलीन की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की मांग की थी। हाई कोर्ट ने कहा था कि आरोपी ने अपराध किया है या नहीं, इसका फैसला निचली अदालत में सुनवाई के दौरान ही हो सकता है।
क्या है मामला
ईडी ने महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में जैकलीन फर्नांडीस को आरोपी बनाया है। ईडी का आरोप है कि जैकलीन को सुकेश की आपराधिक गतिविधियों के बारे में पता था, इसके बावजूद वह उससे महंगे तोहफे और ज्वैलरी ले रही थीं। जैकलीन ने अपनी याचिका में कहा था कि उनके ऊपर लगे सभी आरोप झूठे हैं और उन्हें सुकेश के आपराधिक इतिहास की कोई जानकारी नहीं थी।
Also Read: नेपाल के रास्ते बिहार पहुंचे 5 संदिग्ध विदेशी नागरिक गिरफ्तार

