नए उपराष्ट्रपति के चुनाव के बाद जगदीप धनखड़ ने तोड़ी चुप्पी, दी बधाई
Sandesh Wahak Digital Desk: उपराष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा देने के बाद से पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने नए चुने गए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन को बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में यह पद और भी अधिक गौरव प्राप्त करेगा।
यह जगदीप धनखड़ का 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा देने के बाद पहला सार्वजनिक बयान है। उनके अचानक पद छोड़ने से भारतीय राजनीति में हलचल मच गई थी और विपक्षी दलों ने उनके इस कदम पर सवाल उठाए थे। उनकी लंबे समय तक चली चुप्पी ने कई तरह की अटकलों को भी जन्म दिया था, जिन पर अब विराम लग गया है।

नए उपराष्ट्रपति के नाम पत्र
जगदीप धनखड़ ने सीपी राधाकृष्णन को एक पत्र लिखकर बधाई दी। पत्र में उन्होंने कहा, दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र और मानवता के छठे हिस्से का घर माने जाने वाले भारत के उपराष्ट्रपति के तौर पर आपके चुने जाने पर हार्दिक बधाई। उन्होंने आगे कहा, इस प्रतिष्ठित पद पर आपकी पदोन्नति हमारे राष्ट्र के प्रतिनिधियों के विश्वास और भरोसे को दर्शाती है। धनखड़ ने यह भी कहा कि राधाकृष्णन के विशाल अनुभव को देखते हुए उनके नेतृत्व में यह पद निश्चित रूप से और अधिक सम्मान प्राप्त करेगा।

