चौमूं में पत्थरबाजी के बाद बुलडोजर एक्शन, पठान मोहल्ले में भारी पुलिस बल के बीच हटाए गए अवैध निर्माण
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के चौमूं इलाके में पत्थरबाजी की घटना के ठीक एक हफ्ते बाद नगर परिषद ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार सुबह पुलिस के कड़े पहरे के बीच घटनास्थल के पास स्थित पठान मोहल्ले में नगर परिषद का बुलडोजर गरजा। प्रशासन ने बिना अनुमति के किए गए अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को जमींदोज करने की बड़ी कार्रवाई शुरू की है।
दरअसल, 25 दिसंबर की रात बस स्टैंड क्षेत्र में एक विवाद के बाद दो पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई थी। इस घटना ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया था। स्थिति को संभालने के बाद प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए आसपास के इलाकों में अवैध निर्माणों को चिह्नित किया। नगर परिषद ने कई दुकानदारों और भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर जवाब देने और अतिक्रमण हटाने के लिए 31 दिसंबर तक का समय दिया था। मोहलत खत्म होते ही शुक्रवार को यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या तनाव को रोकने के लिए डीसीपी हनुमान प्रसाद मीणा खुद मोर्चे पर रहे। उनके नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। स्थानीय थाना प्रभारी (SHO) प्रदीप शर्मा ने बताया कि यह नगर परिषद की रूटीन प्रशासनिक कार्रवाई है। जिन लोगों ने अवैध तरीके से निर्माण किया था, उन्हें पहले ही सूचित कर दिया गया था। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल नगर परिषद की मदद कर रहा है।
मामला 25 दिसंबर की रात का है, जब मस्जिद के पास रखे पुराने पत्थरों को हटाने के बाद एक पक्ष ने वहां लोहे की रेलिंग लगाने की कोशिश की थी। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष से बहस शुरू हुई और देखते ही देखते पत्थरबाजी होने लगी। इसी घटना के बाद प्रशासन ने इलाके की दुकानों और निर्माणों की जांच शुरू की थी।
Also Read: बीकानेर में पलटे हुए ऑटो को सीधा कर रहे लोगों को ट्रेलर ने रौंदा, 4 की मौत

