Jaishankar And NSA Michael Waltz: जयशंकर ने अमेरिका में ट्रंप के नामित NSA माइकल वाल्ट्ज से की मुलाकात, द्विपक्षीय संबंधों पर हुई चर्चा!
Jaishankar And NSA Michael Waltz: भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिका दौरे के दौरान नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नामित राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) माइकल वाल्ट्ज से मुलाकात की। यह मुलाकात भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। जयशंकर ने अपनी इस यात्रा में भारत-अमेरिका साझेदारी और मौजूदा वैश्विक मुद्दों पर गहन चर्चा की।
जयशंकर ने सोशल मीडिया पर किया ट्वीट

जयशंकर ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर साझा की। उन्होंने लिखा, “माइकल वाल्ट्ज से मिलकर खुशी हुई। हमने द्विपक्षीय साझेदारी और मौजूदा वैश्विक चुनौतियों पर विस्तार से बातचीत की। उनके साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं।” यह बैठक दोनों देशों के बीच उच्चतम स्तर की पहली व्यक्तिगत मुलाकात थी, जो आने वाले समय में द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने में सहायक हो सकती है।
वाल्ट्ज जल्द ही संभालेंगे ट्रंप प्रशासन में राष्ट्रीय सुरक्षा का कार्यभार

माइकल वाल्ट्ज, जो जल्द ही जेक सुलिवन की जगह ट्रंप प्रशासन में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के रूप में कार्यभार संभालेंगे, भारत के प्रति अपनी सकारात्मक सोच के लिए जाने जाते हैं। वह अमेरिकी कांग्रेस के प्रतिनिधि सभा में ‘कांग्रेशनल इंडिया कॉकस’ के सह-अध्यक्ष हैं, जो प्रतिनिधि सभा का सबसे बड़ा देश-विशिष्ट समूह है।
वाल्ट्ज बने थे लाल किले में भारत के समारोह में का हिस्सा

वाल्ट्ज ने पिछले साल स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले में भारत के समारोह में भाग लिया था और कई भारत-हितैषी विधेयकों के प्रायोजक रहे हैं। उन्होंने अगस्त 2023 में एक अमेरिकी संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए भारत की यात्रा भी की थी। ट्रंप द्वारा NSA के रूप में उनकी नियुक्ति भारत-अमेरिका साझेदारी को और मजबूती प्रदान कर सकती है।
जयशंकर ने इससे पहले वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास और महावाणिज्य दूतावास की टीम के साथ दो दिवसीय सम्मेलन में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी की प्रगति में तेजी लाने के लिए नई ऊर्जा के साथ कार्य किया जाएगा।

