Jalaun News: भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Sandesh Wahak Digital Desk: बुधवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर जालौन में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना झांसी-कानपुर मार्ग पर गिरथान के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई भेजा गया, वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल सभी बहराइच जिले के थाना खैरी घाट के ईकघरा गांव के रहने वाले थे। परिवार के सदस्य अपनी निजी कार से लगभग 2000 किलोमीटर का लंबा सफर तय करके बेंगलुरु जा रहे थे।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिसमें कई वाहन घंटों तक फंसे रहे। पुलिस ने जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और कार में फंसे लोगों को कटर की सहायता से बाहर निकाला। इसके बाद यातायात को बहाल किया गया। जालौन पुलिस ने बताया कि घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
हादसे में घायल अंकित ने बताया कि उनके साढ़ू बृजेश बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में डॉक्टर हैं। उनके बुलाने पर परिवार बेंगलुरु घूमने के लिए निकला था। कार में अंकित की पत्नी संगीता और तीन माह की बेटी सिद्धिका भी थीं। लंबे सफर को देखते हुए अंकित और बृजेश ने बारी-बारी से गाड़ी चलाने की योजना बनाई थी। अंकित के अनुसार, बृजेश को झांसी तक गाड़ी चलानी थी, जिसके बाद वह चलाते। कार में बृजेश, उनकी चार वर्षीय पुत्री मानवी, तीन वर्षीय पुत्र कान्हा, अंकित, उनकी पत्नी संगीता, तीन माह की पुत्री सिद्धिका और प्रीति सवार थीं।
नींद आने की वजह से हुआ हादसा
सुबह के समय चालक बृजेश को झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सामने से आ रहे एक ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर जमा हो गए।
इस भीषण हादसे में बृजेश, प्रीति, संगीता, सिद्धिका और विनीता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना में बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया। बाद में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल अंकित, कान्हा और मानवी को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान मानवी की भी मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
Also Read: UP Weather Update: मौसम का उतार-चढ़ाव जारी, 20 जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट

