Jalaun News: हत्या के आरोप में फंसे कांग्रेस और बसपा के पूर्व विधायक, बेटे की तहरीर पर दर्ज हुआ केस
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के कोंच क्षेत्र में एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने राजनीतिक हलकों में सनसनी फैला दी है।
मृतक के बेटे की शिकायत पर कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के दो पूर्व विधायकों सहित पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
परिजनों का आरोप है कि साजिश के तहत मृतक को फोन पर गाली-गलौज कर पेट्रोल पंप पर बुलाया गया और बाद में उनकी हत्या कर दी गई।

क्या है पूरा मामला?
मामला कोंच तहसील के घमूरी गांव का है। गांव निवासी जितेंद्र कुमार अहिरवार (45 वर्ष) का शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोंच में संदिग्ध हालात में लाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग एक कार से शव को अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में छोड़कर फरार हो गए।
कुछ देर बाद मृतक के बेटे नितिन कुमार को उनके ही पिता के मोबाइल नंबर से किसी अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर अस्पताल पहुंचने की सूचना दी।
जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
फोन कॉल्स में सामने आई धमकी और गाली-गलौज
परिजनों ने मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल्स की जांच की, जिससे चौंकाने वाली बातें सामने आईं।
-
9 अगस्त को शाम 4:52 बजे, कांग्रेस के पूर्व विधायक राम प्रसाद अहिरवार ने फोन पर गाली-गलौज कर मृतक को जालौन रोड स्थित पेट्रोल पंप पर बुलाया।
-
4:55 बजे, बसपा के पूर्व विधायक अजय कुमार अहिरवार के बेटे अमन सिंह उर्फ निक्की ने भी अपशब्द कहे और धमकी दी।
-
इसके बाद अमित नामक एक अन्य व्यक्ति का भी कॉल आया, जिसमें अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।
बेटे ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के बेटे नितिन कुमार ने पुलिस में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि
“पूर्व विधायकों और उनके करीबियों ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से मेरे पिता को बुलाया और हत्या कर दी। हत्या पूरी तरह साजिशन की गई है।”
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस जल्द कार्रवाई नहीं करती तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
पुलिस कार्रवाई और जांच
क्षेत्राधिकारी (CO) कोंच परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि शिकायत के आधार पर दो पूर्व विधायक, उनके परिजन और तीन अन्य नामजद लोगों समेत अज्ञात के खिलाफ धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर जांच के सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
इलाके में तनाव, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
घटना के बाद कोंच कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस ने इलाके में गश्त और सुरक्षा बढ़ा दी है।
राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़े आरोपियों के कारण मामला अब स्थानीय से आगे बढ़कर जिला स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।
वहीं, मृतक के परिवार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि न्याय नहीं मिला तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।
Also Read: नोएडा पुलिस ने पकड़ा फर्जी इंटरनेशनल पुलिस कार्यालय, छह आरोपी गिरफ्तार

