जालौन: कुठौंद थाना प्रभारी अरुण कुमार राय ने गोली मारकर की आत्महत्या, जांच शुरू
Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद जालौन के कुठौंद थाना प्रभारी अरुण कुमार राय (45) ने शुक्रवार देर रात अपने सरकारी आवास में अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनते ही साथी पुलिसकर्मी उनके कमरे में पहुंचे और उन्हें लहूलुहान अवस्था में पाया। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच के आदेश
मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले अरुण कुमार राय 2023 में जालौन जनपद में तैनात हुए थे। उन्होंने मीडिया सेल, कोच कोतवाली और उरई कोतवाली में सेवा दी। 21 अगस्त 2024 को उन्हें कुठौंद थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया था। सहकर्मियों के अनुसार, थाना प्रभारी रात करीब 9:30 बजे क्षेत्र भ्रमण से लौटकर अपने कमरे में गए। कुछ देर बाद ही गोली चलने की आवाज आई।
एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना प्रभारी ने अपनी सर्विस पिस्टल से आत्महत्या की है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और मामले की गहन जांच जारी है।
घटनास्थल के बाद कमरे से एक महिला सिपाही के भागने की अपुष्ट चर्चा है, जिसने मामले को और संदेहास्पद बना दिया है। विभाग आत्महत्या की वास्तविक वजह जानने में जुट गया है।
पुलिस विभाग में शोक
एक युवा और सक्रिय अधिकारी की आत्महत्या से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। पुलिस विभाग इस संवेदनशील मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।

