Jalaun News: iPhone नहीं दिला पाया गरीब पिता तो बेटी ने उठाया खौफनाक कदम

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 11वीं कक्षा की एक छात्रा ने आईफोन न मिलने पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं। मृतका माया की उम्र 18 वर्ष बताई जा रही है।

मोबाइल टूटने के बाद शुरू हुई जिद

दरअसल यह घटना जालौन जिले के डकोर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुसमीलिया की है। माया अपने परिवार के साथ गांव में रहती थी। उसके पिता तुलसीराम राजपूत खेती-किसानी के साथ ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि माया गांव के राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। उसका भाई मानवेंद्र भी पढ़ाई कर रहा है।

परिजनों के अनुसार, कुछ समय पहले माया का मोबाइल फोन टूट गया था। इसके बाद वह नया मोबाइल दिलाने की जिद करने लगी। माया एक पुराना आईफोन मांग रही थी, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई जा रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पिता उसकी यह मांग पूरी नहीं कर सके। उन्होंने बेटी को समझाया था कि फिलहाल इतने पैसे नहीं हैं और करीब 15 दिन बाद हरी मटर की फसल बिकने पर फोन दिला दिया जाएगा, लेकिन माया अपनी मांग पर अड़ी रही।

घर में अकेली होने पर खाया जहर

पिता तुलसीराम ने बताया कि माया का स्वभाव कुछ जिद्दी था। इससे पहले उसने घड़ी की मांग की थी, जिसे पूरा कर दिया गया था। बाद में उसने सोने के झुमकों की मांग की, लेकिन बाद में झुमकों को छोड़कर आईफोन पर अड़ गई। शुक्रवार को माया ने पिता से कहा था कि अगर दो दिन में आईफोन नहीं मिला तो अंजाम बुरा होगा। उस समय पिता को लगा कि वह नाराजगी में ऐसा कह रही है और उन्होंने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया।

शनिवार को जब पिता ऑटो चलाने गए थे और मां बबली खेत पर मटर तोड़ने गई हुई थीं, उस वक्त माया घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसने चूहा मारने की दवा खा ली। जब भाई मानवेंद्र घर लौटा तो माया ने खुद उसे बताया कि उसने जहर खा लिया है। इसके बाद परिवार के लोग उसे तुरंत उरई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान छात्रा की मौत

माया को बचाने की तमाम कोशिशों के बावजूद रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बेटी की मौत से टूट चुके पिता तुलसीराम खुद को लगातार कोस रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह एक गरीब किसान हैं, बटाई पर जमीन लेकर खेती करते हैं और ऑटो चलाकर किसी तरह घर चला रहे हैं। आईफोन के लिए पैसे न होने के कारण वह बेटी की मांग पूरी नहीं कर सके। उन्हें इस बात का गहरा पछतावा है कि वे समय रहते बेटी की मानसिक स्थिति को नहीं समझ पाए।

पुलिस कर रही मामले की जांच

डकोर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय पांडेय ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। युवती ने किन परिस्थितियों में जहर खाया, इसकी विस्तृत पड़ताल की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

 

Also Read: Vijay Hazare Trophy: T20 वर्ल्ड कप टीम में जगह मिलते ही गरजा रिंकू सिंह का बल्ला, जड़ दिए 3 अर्धशतक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.