Siddharthnagar News: मारपीट में घायल जमाल अहमद की मौत, गैर इरादतन हत्या के मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार

Siddharthnagar News: थाना मोहाना क्षेत्र के ग्राम बेलहरी में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैर इरादतन हत्या के मुकदमे में वांछित 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक बांस का मोटा डंडा, एक यूकेलिप्टस का डंडा और एक स्टील का पाइप भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को ग्राम बेलहरी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस दौरान जमाल अहमद पुत्र अकबर अली के सिर पर चोट लग गई थी। घटना के संबंध में थाना मोहाना में मुकदमा संख्या 99/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।

घायल जमाल अहमद का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में कराया गया, जहां से उन्हें 18 जुलाई 2026 को डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया था। इसके बाद स्वास्थ्य दोबारा खराब होने पर परिजन उन्हें जिला चिकित्सालय सिद्धार्थनगर लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

इसके बाद परिजनों ने जमाल अहमद को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, लखनऊ में भर्ती कराया। इलाज के दौरान 28/29 अगस्त 2026 की रात उनकी मृत्यु हो गई। मृत्यु के बाद पुलिस ने पहले दर्ज मुकदमे में धारा 105/190/191(3) BNS की बढ़ोतरी की।

मारपीट में घायल जमाल अहमद की मौत

सड्डा तिराहे से हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान (IPS) के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित आरोपी सड्डा तिराहे पर खड़े होकर सवारी का इंतजार कर रहे हैं और नेपाल भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आठों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मारपीट में घायल जमाल अहमद की मौत

गिरफ्तार आरोपियों में जुबेर अहमद, क्यूम अहमद, इमरान अहमद, कमरूद्दीन उर्फ रियाज, महबुद उर्फ महबूब, सफीउल्लाह, मोहम्मद आरिफ और हफीजुल्लाह उर्फ हाफू शामिल हैं। सभी आरोपी बर्डपुर नंबर-5, टोला छोटकी बेलहरी, थाना मोहाना, जनपद सिद्धार्थनगर के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त सफीउल्लाह का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2008 में मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था।

गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बांस का मोटा डंडा, यूकेलिप्टस का डंडा और स्टील का पाइप बरामद किया है।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: लखनऊ में राहुल गांधी पर FIR को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

Get real time updates directly on you device, subscribe now.