Jammu and Kashmir: वैष्णो देवी मार्ग पर लैंडस्लाइड से 30 श्रद्धालुओं की मौत,  राहत बचाव कार्य जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और भूस्खलन ने तबाही मचा दी है। माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर मंगलवार को हुए लैंडस्लाइड में अब तक 30 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हैं। कटरा के एसएसपी परमवीर सिंह के अनुसार, यह हादसा अर्धकुमारी क्षेत्र में हुआ, जहां अचानक पहाड़ खिसकने से दर्जनों यात्री मलबे की चपेट में आ गए। घायलों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है।

फिलहाल वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है और मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 40 घंटों तक जम्मू संभाग में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इस दौरान बादल फटने की घटनाएं भी हो सकती हैं। प्रशासन ने लोगों को नदी किनारे और बाढ़ संभावित इलाकों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।

प्रभावित इलाके और बचाव कार्य

बसंतर, तवी और चिनाब नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। तवी नदी का पानी जम्मू के निचले इलाकों में घुस चुका है। चिनाब नदी के उफान के कारण निचले क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। बादल फटने की घटनाओं में कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और राहत व बचाव कार्य जारी हैं।

जम्मू डिवीजन में सभी स्कूल और सरकारी कार्यालय आज बंद रखे गए हैं। खराब मौसम और सुरक्षा कारणों से जम्मू से आने-जाने वाली 22 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि 27 ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है। जम्मू-श्रीनगर और किश्तवाड़-डोडा नेशनल हाईवे को भी बंद कर दिया गया है। डोडा जिले में तीन फुटब्रिज बह गए हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।

24 घंटे में रिकॉर्ड बारिश

कठुआ: 155 मिमी

डोडा: 100 मिमी

जम्मू: 81 मिमी

कटरा: 69 मिमी

Also Read: UP News: आंगनबाड़ी कर्मियों को CM योगी का तोहफा, आज मिलेगा नियुक्ति पत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.