Jammu-Kashmir Champions League: हेलमेट पर फिलिस्तीन का झंडा लगाकर खेलने उतरा क्रिकेटर, पुलिस ने लिया एक्शन
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर चैंपियंस लीग के एक मुकाबले के दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब एक स्थानीय क्रिकेटर फिलिस्तीन का झंडा लगा हेलमेट पहनकर बल्लेबाजी करने उतरा।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस हरकत में आ गई और संबंधित खिलाड़ी को पूछताछ के लिए बुलाया गया।
यह मामला बुधवार को खेले गए जम्मू-कश्मीर 11 किंग्स और जम्मू ट्रेलब्लेजर्स के बीच मुकाबले का है। स्थानीय क्रिकेटर फुरकान भट्ट जब बल्लेबाजी करने मैदान में उतरे, तो उनके हेलमेट पर लगे फिलिस्तीनी झंडे के स्टिकर ने सभी का ध्यान खींच लिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मैच का एक क्लिप तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। आमतौर पर क्रिकेट में बेहतरीन शॉट, कैच या गेंदबाजी के वीडियो चर्चा में रहते हैं, लेकिन इस बार खिलाड़ी के हेलमेट पर लगे झंडे ने विवाद का रूप ले लिया।
वीडियो वायरल होने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और फुरकान भट्ट को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने लीग के आयोजकों से भी पूछताछ की है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
लीग पर भी पुलिस की नजर
सूत्रों के अनुसार, पुलिस अब चैंपियंस लीग के अन्य मैचों पर भी नजर बनाए हुए है, ताकि किसी तरह की नियमविरुद्ध गतिविधि न हो। फिलहाल मामले में किसी तरह की एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
इससे पहले पाकिस्तान के बल्लेबाज आजम खान ने भी नेशनल टी20 टूर्नामेंट के दौरान अपने बैट पर फिलिस्तीन का झंडा लगाया था। इसे आईसीसी की आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए पहले उन्हें चेतावनी दी गई और बाद में जुर्माना भी लगाया गया था।
फिलहाल जम्मू-कश्मीर पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

