जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे आतंक के आका की संपत्ति की कुर्क, तस्करी और घुसपैठ का है मास्टरमाइंड
Sandesh Wahak Digital Desk: आतंकवाद की कमर तोड़ने के अभियान के तहत जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पुंछ जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत पाकिस्तान में शरण लिए हुए आतंकी हैंडलर और लॉन्च कमांडर रफीक नाई उर्फ सुल्तान की अचल संपत्ति को कुर्क (Attach) कर लिया है।
यह कार्रवाई मेंढर तहसील के नक्का मझारी इलाके के गांव नर में की गई है। राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने रफीक नाई की 4 मरला और 2 सरसाई कृषि भूमि को अपने कब्जे में ले लिया है। बाजार में इस जमीन की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
कौन है रफीक नाई उर्फ सुल्तान
रफीक नाई मूल रूप से पुंछ का ही रहने वाला है, लेकिन फिलहाल वह पाकिस्तान से अपनी गतिविधियां चला रहा है। वह प्रतिबंधित संगठन तहरीक-उल-मुजाहिदीन और जम्मू कश्मीर गजनवी फोर्स का मुख्य हैंडलर है। वह राजौरी-पुंछ सेक्टर में नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी, आतंकियों की घुसपैठ कराने और आतंकी हमलों की साजिश रचने में सक्रिय रहा है। सरकार उसे पहले ही आतंकी घोषित कर चुकी है और वह आर्म्स एक्ट व UAPA समेत कई गंभीर मामलों में वांटेड है।
Also Read: भारत-पाक तनाव के बीच कायम रही परमाणु पारदर्शिता की परंपरा, प्रतिष्ठानों की लिस्ट का हुआ आदान-प्रदान

