जन सुराज ने NDA-महागठबंधन से पहले 51 सीटों पर उतारे उम्मीदवार, प्रशांत किशोर नहीं लड़ेंगे चुनाव
Sandesh Wahak Digital Desk: जहाँ बिहार विधानसभा चुनाव के लिए NDA और महागठबंधन दोनों में अभी तक सीट बँटवारे पर सस्पेंस बना हुआ है, वहीं जन सुराज पार्टी ने बड़ा चुनावी दाँव खेलते हुए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। जन सुराज के अध्यक्ष उदय सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में घोषणा की कि उनकी पार्टी बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
इस पहली सूची में 51 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है। जन सुराज ने चुनावी मैदान में कई महत्वपूर्ण सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। पहली सूची के कुछ प्रमुख नाम इस प्रकार हैं।
पार्टी ने दरभंगा से आरके मिश्रा, मुजफ्फरपुर से डॉ. अमन कुमार दास, गोपालगंज से डॉ. शशि शेखर सिन्हा, छपरा से जयप्रकाश सिंह, सहरसा से किशोर कुमार मुन्ना, पटना कुम्हरार से केसी सिन्हा, आरा से विजय कुमार गुप्ता, मोतिहारी से डॉ. अरुण कुमार, बेनीपट्टी से मोहम्मद परवेज आलम, सिकटी से राघिब बबलू को उम्मीदवार बनाया है।
इसके अलावा, रघुनाथपुर से राहुल कीर्ति सिंह, सोनपुर से चंदन लाल मेहता, बिहारशरीफ से दिनेश कुमार, और बनियापुर से श्रवण कुमार महतो भी जन सुराज के टिकट पर चुनावी मैदान में ताल ठोकेंगे।
प्रशांत किशोर चुनावी रणनीति पर करेंगे फोकस
उम्मीदवारों की इस पहली सूची में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) का नाम शामिल नहीं है। इससे यह साफ हो गया है कि वह खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे। माना जा रहा है कि प्रशांत किशोर इस चुनाव में उम्मीदवार बनने के बजाय, पर्दे के पीछे रहकर पार्टी के लिए चुनावी रणनीति बनाने और संगठन को मजबूत करने पर पूरी तरह फोकस करेंगे। जन सुराज का यह कदम बिहार की राजनीति में एक नया मोड़ ला सकता है।

