दिल्ली के जनकपुरी में जल बोर्ड के गड्ढे ने ली बाइक सवार की जान, रात भर गड्ढे में तड़पता रहा युवक, सुबह मिला शव
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में गुरुवार की रात एक ऐसा हादसा हुआ जिसने प्रशासन के सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है। कैलाशपुरी निवासी कमल नाम का युवक, जो रोहिणी से अपने दफ्तर का काम निपटाकर घर लौट रहा था, दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए एक खुले गड्ढे का शिकार हो गया। वह रात भर गड्ढे में अपनी बाइक के साथ पड़ा रहा और समय पर मदद न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, कमल की घर वालों से लगातार बातचीत हो रही थी। जब काफी देर होने पर भी वह घर नहीं पहुँचा, तो परिवार वाले उसे ढूंढने निकले। पूरी रात तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस का फोन आया, तब जाकर इस अनहोनी की जानकारी मिली। जब परिजन मौके पर पहुँचे, तो मंजर दिल दहला देने वाला था, कमल अपनी बाइक के साथ गहरे गड्ढे में मृत पड़ा था।

इस घटना ने दिल्ली की राजनीति में भी भूचाल ला दिया है। आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि नोएडा में इंजीनियर के साथ हुए हादसे के बाद भी प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी क्यों की गई और क्यों एक मासूम को रात भर गड्ढे में दम तोड़ना पड़ा।
मौके पर पहुँचे दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि उन्हें सुबह इसकी जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि यहाँ दिल्ली जल बोर्ड का काम चल रहा था। मंत्री ने विभाग को सख्त जांच के निर्देश दिए हैं और कहा है कि अगर सुरक्षा प्रोटोकॉल में कोई भी कमी पाई गई, तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी दावा किया कि बोर्ड ने पहले से ही सेफ्टी ऑडिट और सर्कुलर जारी किए थे।
Also Read: Varanasi News: SIR पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने फार्म-6 और 7 के दुरुपयोग का आरोप लगाया

