जापान में 7.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी ने तटवर्ती इलाकों को किया प्रभावित, 33 लोग घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: जापान एक बार फिर शक्तिशाली भूकंप और सुनामी की चपेट में आ गया है। मंगलवार को जापान में रिक्टर स्केल पर 7.5 तीव्रता का एक भूकंप आया, जिसके बाद प्रशांत महासागर के तटवर्ती इलाकों में सुनामी आ गई। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 33 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इस भूकंप की तीव्रता 7.6 मापी है। भूकंप का केंद्र जापान के मुख्य होन्शू द्वीप के सबसे उत्तरी प्रांत आओमोरी के तट से लगभग 80 किलोमीटर दूर प्रशांत महासागर में, सतह से 44 किलोमीटर नीचे था। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने बताया कि आओमोरी के दक्षिण में स्थित इवाते प्रांत के कुजी बंदरगाह और क्षेत्र के अन्य तटीय इलाकों में सुनामी दर्ज की गई है।

Japan Earthquake

जनजीवन अस्त-व्यस्त, ट्रेनों पर लगा ब्रेक

भूकंप के झटकों और सुनामी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा ने निवासियों से तुरंत ऊँचे स्थानों पर जाने या सुरक्षित आश्रय लेने का आग्रह किया है।

उन्होंने बताया कि लगभग 800 घरों में बिजली गुल हो गई है। क्षेत्र के कुछ हिस्सों में शिंकानसेन बुलेट ट्रेन और कुछ स्थानीय रूटों पर रेल सेवाएँ निलंबित कर दी गई हैं। राहत की बात यह है कि किहारा ने पुष्टि की कि क्षेत्र के परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में सुरक्षा जांच की जा रही है और अब तक चिंता करने वाली कोई बात सामने नहीं आई है।

Japan Earthquake

जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने तुरंत एक्शन लेते हुए नुकसान का तत्काल आकलन करने के लिए एक आपातकालीन कार्यबल का गठन किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों की जान बचाना सरकार के लिए सबसे जरूरी है और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जापान सरकार अब भी भूकंप और सुनामी से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन कर रही है। जापान के लोगों को 2004 के भयानक भूकंप और उसके बाद आई सुनामी की यादें अभी भी ताजा हैं, जिसने हजारों लोगों की जान ले ली थी। ऐसे में नई आपदा के मद्देनजर लोग पूरी सतर्कता बरत रहे हैं।

Also Read: लोकसभा में चुनाव सुधार पर छिड़ी बड़ी बहस, कांग्रेस ने उठाए EC की निष्पक्षता पर सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.