सिग्नल न मिलने के बावजूद ट्रैक पर आई गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस, ट्रक के उड़े परखच्चे, बाल-बाल बचे लोग

Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड के जसीडीह और मधुपुर के बीच स्थित रोहिणी-नावाडीह रेलवे फाटक पर गुरुवार सुबह एक भयानक मंजर देखने को मिला। यहाँ गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस (13510) और चावल से लदे एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए और ट्रेन के इंजन का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना सुबह करीब 9:38 बजे की है। मौके पर तैनात गेटमैन पंकज कुमार ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। गेटमैन के अनुसार, फाटक पर ट्रैफिक का दबाव इतना अधिक था कि उन्होंने ट्रेन को सिग्नल नहीं दिया था। इसके बावजूद ट्रेन डाउन लाइन पर आ गई और ट्रैक पार कर रहे ट्रक से जा टकराई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ट्रेन की रफ्तार थोड़ी भी ज्यादा होती, तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।

मौत को छूकर निकले लोग

इस हादसे के दौरान केवल ट्रक ही नहीं, बल्कि दो मोटरसाइकिलें भी इसकी चपेट में आ गईं। गनीमत रही कि ट्रेन की रफ्तार कम थी, जिससे मोटरसाइकिल सवारों को भागने का मौका मिल गया और उनकी जान बच गई। इस पूरी घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जो एक बड़ा चमत्कार माना जा रहा है।

टक्कर के बाद अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई। रेलवे प्रशासन ने युद्धस्तर पर काम करते हुए सुबह करीब 10:55 बजे अप लाइन को चालू किया और आसनसोल-झाझा पैसेंजर को वहां से रवाना किया। घटना की खबर मिलते ही आसनसोल डिवीजन के आला अधिकारी और आरपीएफ (RPF) की टीम मौके पर पहुंच गई।

चार सदस्यीय टीम करेगी जांच

आसनसोल डिवीजन के पीआरओ विप्लव बावरी ने बताया कि इस गंभीर लापरवाही की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन कर दिया गया है। यह टीम जांच करेगी कि बिना सिग्नल के ट्रेन ट्रैक पर कैसे आई। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जो भी कर्मचारी या अधिकारी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी।

Also Read: Lucknow News: महापौर का सख्त निर्देश, जनता की शिकायतों पर तुरंत हो एक्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.