Jaunpur News: 57 करोड़ का कफ सिरप घोटाला उजागर, 12 मेडिकल कंपनियों पर फर्जीवाड़े का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर जिले में कफ सिरप की खपत को लेकर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है।
पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त जांच में खुलासा हुआ कि 12 मेडिकल कंपनियों ने कागज़ों में लगभग 37 लाख बोतल कफ सिरप की खपत दर्ज की, जिसकी बाजार कीमत करीब 57 करोड़ रुपये बैठती है।
एसपी सिटी आयुष कुमार श्रीवास्तव के अनुसार ड्रग इंस्पेक्टर की ओर से 12 से 19 नवंबर के बीच की गई जांच में यह बड़ा घोटाला सामने आया।
जांच में यह बात साबित हुई कि कंपनियों ने सिरप की खपत सिर्फ कागजों में दिखाई, जबकि जौनपुर में एक भी बोतल वास्तविक रूप से नहीं बिकी।
शनि ट्रेडर्स पर मुख्य भूमिका का संदेह
जांच में खास तौर पर शनि ट्रेडर्स का नाम सामने आया है, जिसकी आड़ में यह पूरा नेटवर्क संचालित होने की आशंका है।
कई मेडिकल स्टोर्स के नाम पर फर्जी बिलिंग कर सिरप को जौनपुर से खपत दिखाया गया, लेकिन असल में यह माल प्रतापगढ़, वाराणसी, गाज़ीपुर, और बड़े पैमाने पर बिहार व झांसी की ओर भेजा गया।
फर्जी बिलिंग का बड़ा नेटवर्क
सूत्रों के अनुसार, कंपनियों ने अलग–अलग चैनलों के माध्यम से सिरप की काल्पनिक खपत तैयार की और उसे कागजी लेन-देन के जरिए आगे बढ़ाया। बिलिंग में जिस खपत को दिखाया गया, वह जमीनी हकीकत से बिल्कुल अलग निकली।
कोतवाली में मुकदमा दर्ज, जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे सिंडिकेट की छानबीन जारी है और आने वाले दिनों में बड़े खुलासे हो सकते हैं।
यह मामला जिले में मेडिकल सप्लाई नेटवर्क और दवा कारोबार में फैले अनियमितताओं को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े करता है।

