जौनपुर: विंध्याचल दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो खड़े ट्रक से टकराई, तीन की दर्दनाक मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दंपति सहित तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई। यह हादसा रामपुर थाना क्षेत्र के गंधोना गांव के पास हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

हादसे का विवरण

अंबेडकरनगर जनपद के इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के पालीपट्टी गांव से ये परिवार शनिवार को विंध्याचल धाम (मिर्जापुर) दर्शन करने गया था। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे, दर्शन कर लौट रही बोलेरो गंधोना गाँव स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास पहुंची।

थाना प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण चालक बोलेरो पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में आलोक वर्मा (38 वर्ष), उनकी पत्नी गुड़िया वर्मा (32 वर्ष) और फूला देवी (70 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 16 वर्षीय अभिराट वर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य घायल महिलाओं को भदोही स्थित आशादीप अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने हादसे की वजह तेज रफ्तार को बताया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Also Read: 20 लाख की अवैध अफीम के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के 6 तस्कर बरेली से गिरफ्तार, UP STF ने की कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.