Jaunpur News: खेत में मिली लावारिस नवजात बच्ची, जांच में जुटी पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र के तियरा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक अज्ञात नवजात बच्ची खेत में पड़ी मिली।
मासूम बच्ची के रोने की आवाज सुनकर एक स्थानीय महिला खेत की ओर पहुंची और बच्ची को वहां अकेला पड़ा देखकर आश्चर्यचकित रह गई।
महिला ने तुरंत बच्ची को उठाया और ग्रामीणों की मदद से उसे अपने घर ले आई। सूचना मिलते ही बदलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) में भर्ती कराया।
मां की ममता हुई शर्मसार
स्थानीय लोगों और पुलिस का मानना है कि किसी ने बच्ची को जन्म देने के बाद जानबूझकर खेत में फेंक दिया। यह घटना मानवता और मातृत्व को शर्मसार करने वाली है। फिलहाल नवजात बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस कर रही है जांच
बदलापुर थाने की पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज और संभावित गवाहों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
बच्ची को छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए स्थानीय अस्पतालों, नर्सिंग होम्स और दाई से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीणों ने की बच्ची के पालन-पोषण की अपील
तियरा गांव के कई ग्रामीणों ने बच्ची को गोद लेने और उसके पालन-पोषण की इच्छा जताई है।
पुलिस और जिला प्रशासन ने कहा है कि बच्ची को सरकारी प्रक्रिया के तहत चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) को सौंपा जाएगा, जहां से आगे की कानूनी कार्यवाही होगी।
रिपोर्ट- दीपक सिंह
Also Read: Nikki murder case: पुलिस ने एनकाउंटर में आरोपी पति घायल, बोला- मैंने नहीं मारा

