Jaunpur News: भाजपा नेता ने दी सीतापुर आंख अस्पताल को नई ज़िंदगी, गरीबों की आंखों में लौटेगी रोशनी
Sandesh Wahak Digital Desk: सेवा भाव और समाज उत्थान का उदाहरण पेश करते हुए जौनपुर जिले के भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने सीतापुर आंख अस्पताल को फिर से नई ऊर्जा दे दी है।
कभी बंद होने की कगार पर खड़ा यह अस्पताल अब आधुनिक तकनीक से सुसज्जित हो गया है।
नेता ने अस्पताल को अत्याधुनिक उपकरण भेंट किए हैं, जिनसे गरीब और असहाय मरीजों की आंखों की रोशनी लौट सकेगी।
अब यहां वे सभी अत्याधुनिक मशीनें मौजूद हैं, जो महानगरों के बड़े नेत्र अस्पतालों में उपयोग की जाती हैं।

जहां पहले इलाज के लिए हजारों रुपये खर्च करने पड़ते थे, वहीं अब मरीजों को मात्र 30 रुपये में उच्चस्तरीय नेत्र उपचार उपलब्ध होगा।
15 लाख की आधुनिक मशीनें दीं
ज्ञान प्रकाश सिंह द्वारा दी गई इन मशीनों की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये है। इनमें अप्थाल्मिक चेयर यूनिट, ऑपरेटिंग टेबल, ई-टेस्टिंग चार्ट, ऑटोरेफ्रैक्टोमीटर विद केरेटोमीटर, ए-स्कैन मशीन और बाईपोलर कॉटरी जैसी अत्याधुनिक तकनीक शामिल हैं।
इन उपकरणों के लगने से अस्पताल की कार्यक्षमता और उपचार की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा।
डॉक्टरों ने जताया आभार
सीतापुर आंख अस्पताल के नेत्र सर्जन डॉ. अजय पाण्डेय ने कहा, “इन नई मशीनों के आने से इलाज की गुणवत्ता और गति दोनों बढ़ेंगी। भाजपा नेता का यह कदम समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।”
“जनसेवा ही मेरा धर्म” — ज्ञान प्रकाश सिंह
भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा, “जब मेरे कार्यों का लाभ गरीबों और बेसहारों तक पहुंचता है, तब मुझे सच्ची आत्म-संतुष्टि मिलती है। प्रभु ने जो क्षमता दी है, उसका उपयोग जनसेवा में करना ही मेरा धर्म है।”
प्रशासन और समाज का सहयोग
सिटी मजिस्ट्रेट एवं अस्पताल के कोषाध्यक्ष इंद्रनंदन सिंह ने बताया कि जब यह प्रस्ताव रखा गया, तो भाजपा नेता ने बिना देरी किए इसे स्वीकार किया और पूरा सहयोग दिया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ नेत्र परीक्षक अमित पाण्डेय ने किया।
पहले भी कर चुके हैं कई सामाजिक कार्य
ज्ञान प्रकाश सिंह इससे पहले लीलावती अस्पताल के जीर्णोद्धार और जिला अस्पताल में डीलक्स शौचालय निर्माण जैसे कई सामाजिक कार्य कर चुके हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, चिकित्सक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे और नेता के इस योगदान की सराहना की।
Also Read: बिहार में चुनाव आधी सीटों पर हुआ, पर फ़ैसला पूरा आ गया है: अखिलेश यादव

