Jaunpur News: पूजा पाल के निष्कासन पर बोले भाजपा नेता कृपाशंकर सिंह, अखिलेश यादव की तुलना ट्रंप से की

Sandesh Wahak Digital Desk: भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा विधायक पूजा पाल के निष्कासन को लेकर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े करते हुए उनकी तुलना अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से की।

सीएम योगी की तारीफ को बताया सही कदम

कृपाशंकर सिंह ने कहा कि सपा विधायक पूजा पाल ने विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जो तारीफ की, वह उचित और नैतिक रूप से सही थी। उन्होंने कहा,

“जब किसी को न्याय मिलता है, तो सरकार के प्रति आभार व्यक्त करना गलत नहीं है। पूजा पाल ने सीएम योगी के कार्यकाल में न्याय पाया, इसलिए उनका आभार जताया।”

अखिलेश यादव पर कटाक्ष

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कृपाशंकर सिंह ने कहा:

“अखिलेश यादव को एक घंटे पहले तक नहीं पता होता कि उन्हें क्या करना है। वह अक्सर बिना सोच-विचार के निर्णय लेते हैं। उनकी राजनीतिक शैली डोनाल्ड ट्रंप जैसी है — जो मन में आए, बोल देते हैं।”

उन्होंने कहा कि पूजा पाल को पार्टी से निकालना या फिर दोबारा शामिल करना अब मायने नहीं रखता, क्योंकि यह निर्णय जनता की भावना के खिलाफ है।

पीडीए और जातीय राजनीति पर बयान

कृपाशंकर सिंह ने सपा द्वारा उठाए गए पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के एजेंडे को जातीय विभाजन की राजनीति बताया। उन्होंने कहा:

“राजनीति कीजिए, एजेंडा चलाइए — लेकिन समाज को मत बांटिए। जातियों के नाम पर नफरत फैलाना देश की संस्कृति के खिलाफ है।”

फेक नैरेटिव और चुनावी चेतावनी

2024 के लोकसभा चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि विपक्ष ने फेक नैरेटिव बनाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की थी।

“काठ की हांड़ी बार-बार नहीं चढ़ती। जैसे महाराष्ट्र में पांच महीने में सरकार बदल गई, वैसे ही जनता हर जगह जवाब देना जानती है। देश की जनता अब बहुत जागरूक हो चुकी है।”

रिपोर्ट- दीपक सिंह

Also Read: बाफिला घोटाला: तीन हजार करोड़ से ऊपर का भूमि घोटाला, FIR सिर्फ एक धारा में दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.