Jaunpur News: नीम के पेड़ पर लटकता मिला युवक का शव, गांव में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर जिले के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के बुजुर्गा गांव में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव नीम के पेड़ पर संदिग्ध परिस्थितियों में लटकता हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान बुजुर्गा गांव निवासी ओमप्रकाश गौतम (46 वर्ष), पुत्र विश्वनाथ गौतम के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 6:30 बजे गांव का एक 15 वर्षीय किशोर खेत में पानी भरने के लिए गया था, तभी उसने घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर नीम के पेड़ से ओमप्रकाश का शव लटकता हुआ देखा। घबराकर वह चिल्लाता हुआ घर की ओर भागा।
किशोर की आवाज सुनकर परिजन और गांववाले मौके पर पहुंचे। उन्होंने ओमप्रकाश को जिंदा समझकर पेड़ से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। घर की महिलाओं और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ओमप्रकाश अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, घटना के पीछे कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
रिपोर्ट- दीपक सिंह
Also Read: Raebareli News: प्रधानमंत्री मोदी का डीपफेक वीडियो बनाने वाला गिरफ्तार

