Jaunpur News: बोलेरो-ट्रक की भिड़ंत, तीन श्रद्धालुओं की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के यादवनगर तिराहे के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया।

अयोध्या लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो और ट्रक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही थाना रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सभी श्रद्धालु मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर के दर्शन कर अयोध्या लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गिरिरेंद्र कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि,

“आज सुबह रामपुर थाना क्षेत्र के यादव नगर के पास बोलेरो और ट्रक में टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन श्रद्धालुओं की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं।

घायलों का इलाज भदोही के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।”

Also Read: ‘सरकार बनी तो बिहार में शरिया कानून लागू करेंगे’, आचार्य प्रमोद कृष्णम का तेजस्वी यादव पर हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.