Jaunpur News: अधूरी सड़क पर हो गया पूरा भुगतान, सपा विधायक पंकज पटेल ने PWD विभाग पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के विधायक पंकज पटेल ने एक बार फिर लोक निर्माण विभाग (PWD) पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
इस बार मामला जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर विधानसभा के सरायबिका से हीरामनपुर संपर्क मार्ग से जुड़ा है, जहां निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं की बात सामने आ रही है।
विधायक पंकज पटेल के अनुसार, 1.57 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए PWD द्वारा ₹39.30 लाख की स्वीकृति दी गई थी।

लेकिन आश्चर्यजनक रूप से ₹26.41 लाख की धनराशि पहले ही निकाल ली गई, जबकि जमीन पर सिर्फ 50 से 100 मीटर तक ही निर्माण कार्य हुआ है। यह कार्य फर्म वी.वी. कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया गया, जिसे सिकरारा क्षेत्र से जोड़ा जा रहा है।
पुराने मामलों में भी उठे हैं सवाल
यह पहला मौका नहीं है जब विधायक ने विभाग पर सवाल उठाए हों। इससे पहले भी उन्होंने शिवरिहा संपर्क मार्ग में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया था और इस मामले को विधानसभा में भी रखा था।
बावजूद इसके, अभी तक किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
विधायक की मांग

विधायक पंकज पटेल ने मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों व फर्म के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो वे एक बार फिर सदन में इस विषय को उठाएंगे।
PWD विभाग पर सवालों की बौछार
जिले में लोक निर्माण विभाग पर यह कोई पहला आरोप नहीं है। लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और आधे-अधूरे निर्माण कार्यों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट- दीपक सिंह

