Jaunpur News: फर्जी शादी कर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, चार गिरफ्तार, दो फरार

Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर के सरायख्वाजा थाना पुलिस ने फर्जी शादी कर लोगों से पैसों की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया।

पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं। गिरफ्तारी उनके खिलाफ दर्ज मामलों के आधार पर की गई।

पुलिस टीम ने मल्हनी तिराहे पर चेकिंग के दौरान आदमपुर मोड़ के पास दबिश देकर गिरोह के चार सदस्यों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं – बृजेश कुमार गौतम, आशु गौतम खम्हौरा, रुकसार और काजल, जबकि सचिन और नेहा मौके से फरार हो गए।

गिरोह की कार्यप्रणाली

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे ऐसे लोगों को निशाना बनाते हैं जिनकी उम्र अधिक हो गई हो और शादी नहीं हुई हो। गिरोह संपर्क नंबर हासिल कर सहयोगी लड़कियों के फर्जी फोटो भेजकर शादी का झांसा देता।

इसके बाद पीड़ितों को खरीदारी और अन्य खर्चों के लिए पैसे देने को मजबूर किया जाता और लड़की को मौके से गायब कर दिया जाता।

इसी तरह विनोद कुमार (निवासी सम्भल) को भी गिरोह ने झांसे में लिया और उसके भाई से जन सेवा केंद्र के माध्यम से पैसे मंगवाए। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इससे पहले छतरपुर, अम्बेडकर नगर और अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की ठगी कर चुके हैं।

बरामदगी और जांच

पुलिस ने मौके से ₹32,500 नकद बरामद किया, जबकि बाकी रकम फरार आरोपियों के पास होने की बात कबूल की गई। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल से कई लड़कियों की फोटो भी बरामद हुईं।

सीओ सदर देवेश सिंह ने बताया कि यह गिरोह लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी करता था। जब शादी हो जाती थी, तो किसी बहाने से पैसा लेकर मौके से फरार हो जाते थे।

अब तक ये गिरोह आठ लोगों को अपना शिकार बना चुका है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Also Read: मुंबई में DRI ने पकड़ी मीट ग्राइंडर वाली तस्करी, 2.89 करोड़ का गोल्ड जब्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.