Jaunpur News: 12 साल बाद मिला न्याय, NH-233 के किसानों के खाते में पहुंची पहली किस्त

Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय राजमार्ग-233 (जौनपुर-वाराणसी-आजमगढ़) के निर्माण के लिए अधिग्रहित जमीन का मुआवजा न मिलने के कारण पिछले 12 वर्षों से संघर्ष कर रहे किसानों को आखिरकार राहत मिलनी शुरू हो गई है।

लंबे आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और कानूनी लड़ाई के बाद किसानों के खातों में मुआवजा राशि पहुंचना शुरू हो गया है। इन्हीं में से बिहद्दर गांव के किसान राजेंद्र प्रसाद के खाते में 11,96,800 रुपये की पहली किस्त भेजी गई, जिसके बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

पूर्वांचल किसान संगठन ने राजेंद्र प्रसाद को सम्मानित कर मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

20 गांवों के किसानों की जीत

करीब 20 गांवों के किसान मुआवजा वितरण में असमानता और देरी को लेकर वर्षों से संघर्षरत थे। मामला तहसील से जिला कोर्ट और फिर हाई कोर्ट तक पहुंच गया।

लगभग एक वर्ष तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद किसानों और जिला प्रशासन के बीच सहमति बनी और मुआवजे की दर निर्धारित की गई।

मुआवजा जारी होने के साथ ही करीब 16 किमी तक रुका हुआ हाईवे निर्माण कार्य अब तेज़ी से आगे बढ़ने का रास्ता साफ कर रहा है।

किसानों का गुस्सा—“जब लड़ाई चल रही थी, तब कोई नेता नहीं आया”

जब मीडिया ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए पहुंची, तो किसानों ने नेताओं के देर से सक्रिय होने पर नाराज़गी जताई। किसानों ने कहा—

“12 साल हम सड़क के लिए लड़ते रहे, धरना देते रहे, कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाते रहे, लेकिन तब कोई नेता मैदान में नहीं उतरा। अब जब काम शुरू हो गया है और मुआवजा मिलने लगा है, तभी नेताओं को हमारी याद आई।”

किसानों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कई विधायकों और सांसदों ने संघर्ष के दौरान कभी मौके पर जाकर उनकी बात नहीं सुनी। उनका कहना था— “आज खाना बन गया तो लोग अपना गाना गा रहे हैं।”

अब गति पकड़ेगा सड़क निर्माण 

सड़क निर्माण कार्य लगभग एक महीने पहले शुरू हो चुका है, लेकिन किसानों का कहना है कि काम वर्षों तक इसलिए रुका रहा क्योंकि उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया गया था।

अब जब मामला सुलझ चुका है और भुगतान शुरू हो गया है, किसान संतुष्ट दिखाई दे रहे हैं। NH-233 पर सड़क बनने का उनका 12 साल पुराना सपनों का सफर अब पूरा होता हुआ नजर आ रहा है।

Also Read: CBI के हत्थे चढ़ा 20 हजार घूस लेते यूपी ग्रामीण बैंक का मैनेजर, चपरासी भी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.