जौनपुर: दहेज उत्पीड़न का शिकार हुई विवाहिता, पति समेत छह ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. कौस्तुभ के आदेश पर लाइन बाजार थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और मारपीट की शिकार एक युवती की शिकायत पर उसके पति सहित छह ससुरालजनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी।

केराकत कोतवाली क्षेत्र के नालापार मोहल्ले की निवासी रेशमा खातून (पुत्री तैयब) की शादी 15 मई 2022 को लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रशीदाबाद निवासी अल्तमश अंसारी (पुत्र गयासुद्दीन) से हुई थी।

रेशमा खातून का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसके पति अल्तमश अंसारी, सास शबीना, ससुर गयासुद्दीन, देवर सैफ, ननद नेहा और फुरेरी सास शाइस्ता ने उससे ₹2 लाख नकद और एक बुलेट बाइक की मांग को लेकर उसे शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

पीड़िता के अनुसार, मांग पूरी न होने पर 31 अगस्त को सभी ससुरालियों ने मिलकर उसे मारा-पीटा, उसके आभूषण छीन लिए, और उसकी ढाई वर्ष की पुत्री सहित उसे घर से निकाल दिया। जब पीड़िता का भाई मौके पर पहुँचा, तो आरोपितों ने उसके साथ भी गाली-गलौज की और जान से मार डालने की धमकी दी।

पीड़िता ने पहले स्थानीय थाने में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। लाइन बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर रविवार को पति अल्तमश अंसारी सहित सभी छह आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता फिलहाल अपनी पुत्री के साथ मायके में शरण लिए हुए है।

Also Read: छत्तीसगढ़ में भीषण ट्रेन हादसा: 9 यात्रियों की मौत, 13 घायल, मुआवजे का ऐलान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.