Jaunpur News: बैंक से रुपये निकालते ही प्रोफेसर की जेब से उड़ाए 45 हजार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
Jaunpur News: शहर के सिविल लाइन चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर बदमाशों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया। टी.डी. कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह जब स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से 45 हजार रुपये निकालकर लौट रहे थे, तभी उनकी जेब से नकदी गायब कर दी गई।
बताया जा रहा है कि चोरी की इस वारदात को दो महिलाओं ने अंजाम दिया, जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। खास बात यह है कि यह घटना पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़ित प्रोफेसर ने मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। फिलहाल पुलिस टीम संदिग्ध महिलाओं की तलाश में जुटी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी से इतनी नज़दीक वारदात होना पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। वहीं, पुलिस का कहना है जांच पड़ताल की जा रही है।
रिपोर्ट- दीपक सिंह
Also Read: Kanpur News: नगर आयुक्त के आवास के बाहर नो पार्किंग नियमों की धज्जियां, फुटपाथ बना पार्किंग ज़ोन

