Jaunpur News: STF का बड़ा एक्शन, अवैध असलहा तस्करी गैंग का भंडाफोड़, दो तस्कर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को जौनपुर में अवैध हथियारों की तस्करी कर रहे गैंग के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में अवैध असलहा और कारतूस बरामद किए हैं।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राघवेंद्र प्रताप सिंह (निवासी – ग्राम ताला, थाना कन्हाई, जनपद प्रतापगढ़) और प्रमोद तिवारी (निवासी – ग्राम उसरौली, थाना पट्टी, प्रतापगढ़) के रूप में हुई है।

क्या-क्या मिला आरोपियों के पास से:

  • .32 बोर की 4 अवैध पिस्टल (मैगजीन सहित)
  • .32 बोर की 3 अतिरिक्त मैगजीन
  • .32 बोर का 1 रिवॉल्वर
  • 4 जिंदा कारतूस (7.65 बोर)
  • 4 मोबाइल फोन

यह गिरफ्तारी 25 जुलाई की रात करीब 11:50 बजे जौनपुर जिले के बदलापुर-महाराजगंज रोड स्थित डढ़वा मोड़ के पास से की गई। एसटीएफ लखनऊ को लगातार इनपुट मिल रहे थे कि जौनपुर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर और आसपास के जिलों में अवैध असलहों की डीलिंग हो रही है। इस सूचना के बाद पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही के पर्यवेक्षण में एसटीएफ की एक विशेष टीम गठित की गई और गोपनीय रूप से सूचनाएं इकट्ठा की गईं।

इसी क्रम में उप निरीक्षक अतुल चतुर्वेदी और प्रदीप सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ टीम जौनपुर में सक्रिय थी। गुप्त सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी पर टीम ने घेराबंदी कर दोनों तस्करों को धर दबोचा।

पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे

गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं, जो रामराज सरोज (निवासी – मान्धाता, प्रतापगढ़) से अवैध हथियार खरीदते हैं। रामराज सरोज इन हथियारों को बिहार और मध्यप्रदेश से मंगवाता है और स्थानीय तस्करों के जरिये यूपी के कई जिलों में सप्लाई करता है। ये असलहे ₹50,000 से ₹60,000 की कीमत में बेचे जाते थे। पुलिस के मुताबिक, गिरोह की जड़ें कई जिलों में फैली हुई हैं और अन्य तस्करों की तलाश भी जारी है।

अब क्या हो रहा है?

गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना महाराजगंज, जनपद जौनपुर में आर्म्स एक्ट की धाराओं 3/5/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस के हवाले कर दी गई है।

Also Read: Shravasti News: धर्मांतरण गैंग का सरगना छांगुर पर कसा शिकंजा, भतीजे के ठिकाने पर चला बुलडोज़र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.