Jaunpur News: दर्शनार्थियों से भरी बस और ट्रेलर की टक्कर, 4 की मौत, 9 गंभीर घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा लाइनबाजार थाना क्षेत्र के सिहिपुर क्रासिंग के पास हुआ, जब दर्शनार्थियों से भरी एक बस ने ओवरटेक करने की कोशिश में एक ट्रेलर से टक्कर मार दी।

यह बस (CG 07 CT 4681) छत्तीसगढ़ से 50 यात्रियों को लेकर अयोध्या से वाराणसी जा रही थी। सिहिपुर क्रासिंग के पास बस ने आगे चल रहे एक ट्रेलर (BR 28 JD 1475) को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी बस चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और शवों को कब्जे में लिया। इस हादसे में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और नौ यात्रियों की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। बस में सवार अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें पुलिस ने आवश्यक सहायता देकर उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद यातायात बाधित हो गया था, जिसे तत्काल प्रभाव से सुचारू रूप से चालू करा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्ट: दीपक सिंह

 

Also Read: यूपी में बीजेपी की चुनावी तैयारी शुरू, सरकार-संगठन-संघ के बीच बनी समन्वय टीम, इनको मिली अहम जिम्मेदारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.