Jaunpur News: बनीडीह गांव में अराजक तत्वों ने तोड़ी बुद्ध और अंबेडकर की प्रतिमाएं, ग्रामीणों में दिखा आक्रोश
Jaunpur News: जमालापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बनीडीह में सोमवार की रात अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा महात्मा बुद्ध और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सुबह जब ग्रामीणों ने टूटी प्रतिमाएं देखीं तो गुस्से से आक्रोशित होकर बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी भी की।

पूरे समाज का अपमान
ग्रामीणों का कहना है कि समाज सुधारक और संविधान निर्माता बाबा साहब अंबेडकर तथा महात्मा बुद्ध की प्रतिमाओं को तोड़ना न सिर्फ धार्मिक आस्था बल्कि पूरे समाज का अपमान है। यह घटना क्षेत्र में तनाव फैलाने की साजिश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में इस तरह की हरकत कोई न कर सके। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि प्रतिमाओं की मरम्मत तत्काल कराई जाएगी। वहीं, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस लगातार गश्त कर रही
तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में नफरत और अविश्वास का माहौल पैदा करती हैं, इसलिए दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
रिपोर्टः दीपक सिंह
Also Read: Jaunpur News: बारिश बनी काल, करंट की चपेट में आईं दो बच्चियां, बचाने वाले युवक की मौत

