Jaunpur News: लिफ्ट में फंसीं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष, अस्पताल में मचा हड़कंप
Jaunpur News: राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती बबीता सिंह चौहान ने शनिवार को जौनपुर के जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्हें लिफ्ट में तकनीकी खराबी के कारण कुछ देर के लिए फंसना पड़ा, जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और स्टाफ लिफ्ट को चालू करने में जुट गए, जिसके बाद कुछ देर में लिफ्ट सामान्य हो सकी।
गंदगी पर जताई नाराजगी
वहीं लिफ्ट की घटना के बाद अध्यक्ष चौहान ने पैदल ही अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में फैली गंदगी देख नाराजगी जताई और मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमएस) को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में डॉक्टर और स्टाफ तो मौजूद हैं, लेकिन स्वच्छता का अभाव अस्वीकार्य है।

शिकायत पर होगी कार्रवाई
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में अध्यक्ष ने बताया कि अस्पताल में एक नया लैब निर्माणाधीन है, जो जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा। निरीक्षण के दौरान किसी मरीज ने दवा या जांच से संबंधित कोई शिकायत नहीं की। उन्होंने कहा कि यदि किसी आशा कार्यकर्ता द्वारा मरीजों को बाहर भेजने की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Lucknow News: यूपी में नकली दवाओं पर लगेगी लगाम, हर जिले में होंगे जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी

