Jaunpur News: परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, बोले- अब परिवहन विभाग की ज्यादातर सेवाएं ऑनलाइन
Jaunpur News: प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह रविवार को जौनपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एक मोटर ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन किया और विभाग की नई योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में करीब 1.5 लाख कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) खोले गए हैं, जिनसे अब गांवों और वार्डों को सीधे जोड़ा गया है। परिवहन विभाग को भी इनसे जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि विभाग की 49 नई सेवाएं अब ऑनलाइन हो गई हैं, जिससे जनता को परिवहन कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
हर जिले में खुलेंगे ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर
दयाशंकर सिंह ने बताया कि विभाग प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत हर जिले में 2 से 3 ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर शुरू करने जा रहा है। इसके साथ ही सरकार ने स्क्रैप पॉलिसी लागू की है, जिससे अब तक लगभग 300 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। इस उपलब्धि के लिए केंद्र सरकार ने यूपी के परिवहन विभाग को सम्मानित भी किया है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि विभाग की करीब 14 हजार बसें चल रही हैं, जिनकी औसत आयु सिर्फ साढ़े पांच साल है। इसके बावजूद अब विभाग इलेक्ट्रिक बसें और डबल डेकर बसें चलाने की दिशा में काम कर रहा है, जिससे करीब 12,220 गांवों को जोड़ा जाएगा।
भ्रष्टाचार खत्म करने का दावा
विभाग में भ्रष्टाचार को लेकर पूछे गए सवाल पर दयाशंकर सिंह ने कहा कि अब ज्यादातर काम ऑनलाइन हो गए हैं। ऐसे में जनता को दफ्तर आने की जरूरत ही नहीं है, इसलिए भ्रष्टाचार की गुंजाइश भी नहीं बचती। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दो सालों में एक भी लर्निंग लाइसेंस कार्यालय से नहीं बना, बल्कि लोग इसे घर बैठे ऑनलाइन बनवा रहे हैं।
रिपोर्ट- दीपक सिंह
Also Read: Lucknow News: छात्रसंघ बहाली को लेकर लखनऊ विश्वविद्यालय में गूंजा छात्रों का विरोध, दिया ज्ञापन

