Jaunpur News: “शुचिता और ईमानदारी की मिसाल थे उमानाथ सिंह” – श्रद्धांजलि समारोह में गूंजे संस्मरण

Jaunpur News: पूर्व मंत्री स्वर्गीय उमानाथ सिंह की 31वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को तिलकधारी महाविद्यालय के बलरामपुर सभागार में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने उन्हें नमन करते हुए कहा कि “उमानाथ सिंह राजनीति में शुचिता और ईमानदारी के पर्याय थे। उनके व्यक्तित्व में सहजता, सरलता और मृदुभाषिता झलकती थी।”

पूर्वांचल की राजनीति को नई दिशा दी

डॉ. पांडेय ने कहा कि जब पूरे देश में कांग्रेस का दबदबा था, उस समय भी उमानाथ सिंह ने सत्ता की राजनीति से दूर रहकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा को अपनाया। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधा पहुँचाने के लिए संघर्ष किया और पूर्वांचल की राजनीति को नई दिशा दी।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद विद्यासागर सोनकर ने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि स्व. सिंह शील, संयम और अनुशासनप्रियता के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश यादव ने कहा कि “आज भी प्रदेश के किसी भी कोने में जाता हूँ तो लोग जौनपुर का नाम सुनकर सबसे पहले उमानाथ सिंह के बारे में पूछते हैं। यही उनकी लोकप्रियता और विराट व्यक्तित्व की पहचान है।”

 

आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि है

उन्होंने बताया कि आज जौनपुर में 12 हजार लोगों को सरकार की ओर से घर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जो स्व. सिंह की आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि है। समारोह में पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, वशिष्ठ नारायण सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के आरंभ में अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र प्रदान कर किया गया। संचालन पूर्व प्राचार्य डॉ. समरबहादुर सिंह और आभार पूर्व सांसद केपी सिंह ने जताया।

इससे पहले अमर शहीद उमानाथ सिंह जिला चिकित्सालय में उनकी प्रतिमा पर राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने माल्यार्पण किया और रोगियों को फल वितरित किए।

रिपोर्ट- दीपक सिंह

Also Read: कुशीनगर में हॉस्टल में रह रहे छात्र की गला दबाकर हत्या, पूर्व-वर्तमान प्रधानाचार्य सहित चार पर केस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.