जौनपुर पुलिस मुठभेड़: चिकित्सक को गोली मारने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जौनपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। मीरगंज क्षेत्र के मोलनापुर गांव निवासी चिकित्सक राज सिंह चौहान को गोली मारकर फरार होने वाला हिस्ट्रीशीटर करन चौहान पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दौरान जवाबी फायरिंग में बदमाश करन चौहान के पैर में गोली लगी है।

मुठभेड़ का घटनाक्रम

चिकित्सक पर हमले की घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने हिस्ट्रीशीटर करन चौहान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया था। रविवार देर रात पुलिस टीम बंधवा तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर संदिग्ध व्यक्ति आता दिखा। पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो उसने पुलिस टीम पर सीधा फायर कर दिया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिससे बदमाश को गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे

गिरफ्तार बदमाश करन चौहान एक शातिर अपराधी है, जिस पर जौनपुर के मीरगंज थाने सहित जौनपुर और प्रयागराज जनपदों में डेढ़ दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह मीरगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से बदमाश के पास से एक तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पुलिस अब उससे आगे की पूछताछ कर रही है।

Also Read: ‘नोटबंदी से रुपया जुटाया, अब सोने पर नज़र’, अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.